जम्मू-कश्मीर आने वाले पर्यटकों के लिए रेलवे की नई सौगात, नोटबंदी से नहीं होंगे परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टिकट काउंटर को कैशलेस बनाने को लेकर रेलवे ने काम करना शुरू कर दिया है। जनवरी में कई रेलवे स्टेशनों पर स्वाइप मशीनें लगाने की तैयारी रेलवे ने शुरू कर दी है। जम्मू कश्मीर में पहले चरण में जम्मू, कटड़ा व उधमपुर रेलवे स्टेशन पर ये मशीनें लगाई जा सकती हैं।
इसके अलावा उधमपुर व कटड़ा रेलवे स्टेशन पर टिकट वेंडिंग मशीनें भी लगाने के लिए फिरोजपुर डिविजन से अनुमति मिल चुकी है। कैशलेस योजना को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से लगातार नए कदम उठाए जा रहे हैं और इसी चरण में अब रेलवे को भी कैशलेस करने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
रेलवे की तरफ से रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर स्वाइप मशीनें लगाई जाएंगी, ताकि यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए नकदी की परेशानी का सामना न करना पड़े। रेलवे इस योजना को जनवरी में शुरू कर सकता है। 15 जनवरी के बाद यह मशीनें रेलवे स्टेशन पर काम करना शुरू कर देंगी।
टिकट वेंडिंग मशीनें भी लगाई जाएंगी
वर्तमान समय में रेलवे मशीनों को लगाने के लिए रेलवे स्टेशनों का चुनाव कर रहा है। फिरोजपुर डिवीजन में स्वाइप मशीनें पंजाब के अलावा जम्मू कश्मीर के जम्मू, उधमपुर और कटड़ा रेलवे स्टेशन पर लगाई जा सकती हैं।
जम्मू रेलवे स्टेशन पर पहले से ही चार मशीनें लगाई जा चुकी हैं। इनको चलाने के लिए जनवरी में फेसिलिटेटर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अब उधमपुर व कटड़ा में भी एक एक टिकट वेंडिंग मशीन लगाई जाएंगीं।