विजयपुर। क्षेत्र के मिडिल स्कूल छन्नी मन्हासां में मूलभूत सुविधाएं नहीं होने पर अभिभावकों के गुुस्सा वीरवार को फूट गया। उन्होंने जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर रोष जताया। प्रदर्शनकारी राकेश कुमार, पूजा देवी, सुनील,रेणु, नेहा व सोनू ने बताया कि एक तरफ केंद्र और राज्य सरकार सरकारी स्कूलों को बढ़ावा दे रही है। मगर छन्नी मन्हासां मिडिल स्कूल में सुविधाएं नाममात्र हैं। यहां पर न तो बच्चों के बैठने की सुविधा है और न ही शौचालय की व्यवस्था है। स्कूल के आसपास चारों ओर घास ही नजर आती है। इस कारण बच्चों जहरीले कीड़ों के काटने का भय बना रहता है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस ओर ध्यान देने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि स्कूल में पढ़ाई का स्तर भी ठीक नहीं है। बच्चों को अपना नाम तक लिखना नहीं आता है। इससे अभिभावकों में भारी रोष है। इस सबंध में डीसी ने बताया कि जल्द ही एक टीम का गठन कर स्कूल में भेजा जाएगा। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।