आरएस पुरा। कांग्रेस नेता मोहन चौधरी की अध्यक्षता में किसानों ने सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने पर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रर्दशन किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि किसानों को फसल की सिंचाई के लिए सुचारु रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिस कारण फसल प्रभावित हो रही है। सीमावर्ती किसानों में उम्मीद जगी थी कि राज्यपाल शासन में किसानों की मांगों की तरफ ध्यान दिया जाएगा, लेकिन अब तो और भी हालात खराब हो रहे हैं। अगर जल्द किसानों की बेहतरी के लिए सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया तो वह आने वाले समय में जम्मू-आरएस पुरा मार्ग बंद कर प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। इसके लिए सरकार की गलत नीतियां जिम्मेदार होंगी।
कांग्रेस के ग्रामीण जिला सचिव जितेंद्र भगत ने कहा कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी हो रही है। बिजली की अघोषित कटौती और पर्याप्त मात्रा में नहरी पानी नहीं मिलने पर उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अघोषित कटौती बंद नहीं की और नहरी पानी की आपूर्ति की व्यवस्था नहीं की गई तो आनवाले दिनों में कांग्रेस आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। प्रदर्शन के दौरान एसडीएम के मौजूद नहीं होने पर तहसीलदार आरएस पुरा को ज्ञापन सौंप कर जल्द कदम उठाने की मांग की। इस अवसर पर मोहिंदर सिंह, रमेश लाल, सूबेदार बचन लाल, भूपेंद्र सिंह, बलदेव सिंह, संतोख सिंह, बलबीर सिंह, शमशेर सिंह, कैप्टन रूपलाल, गिरधारी लाल, राम चंद्र व मोहन लाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।