{"_id":"609442968ebc3ea1761924db","slug":"protest-against-outpost-in-charge-in-pargwal-is-alleged-to-harass-farmers-samba-news-jmu234812657","type":"story","status":"publish","title_hn":"परगवाल में चौकी प्रभारी के खिलाफ प्रदर्शन किसानों को तंग करने का है आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
परगवाल में चौकी प्रभारी के खिलाफ प्रदर्शन किसानों को तंग करने का है आरोप
विज्ञापन
परगवाल। सीमा क्षेत्र परगवाल में वीरवार को लोगों ने मुख्य बाजार में एकत्रित होकर चौकी प्रभारी ओमप्रकाश शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चौकी प्रभारी ने कुछ लोगों के साथ उस समय बदतमीजी की जब वे गाड़ी में गेहूं लाद रहे थे। उनका कहना था कि चौकी प्रभारी किसानों को भी नहीं छोड़ रहा है। वह भी ऐसे समय पर जब किसान अपनी छह महीने की मेहनत की कमाई कोरोना महामारी में किसी तरह से समेटने में जुटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग को बंद कर दिया। वहीं, मौके पर पहुंचे तहसीलदार इम्तियाज और खौड़ के थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, प्रदर्शनकारी चौकी प्रभारी को स्थानांतरित करने की मांग पर अड़े रहे। बाद में प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में चौकी परिसर के पास पहुंच गए और थाने के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। तहसीलदार और थाना प्रभारी ने लोगों को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत किया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने लिखित में एक शिकायत पत्र तहसीलदार को सौंपा, जिसमें मुख्य रूप से चौकी प्रभारी को हटाने की मांग लिखी गई थी। इस पर तहसीलदार ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को वह उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएंगे और मामले का हल तीन से चार दिनों के अंदर निकाला जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और वापस चले गए। प्रदर्शनकारियों में बीडीसी चेयरमैन निशा कुमारी, सरपंच रामस्वरूप शर्मा, सरपंच भूपिंदर सिंह, सरपंच ओम प्रकाश, सरपंच पोली देवी, उत्तम सिंह, जय सिंह समेत क्षेत्र के कई लोग शामिल थे।
कैप्शन 1
परगवाल में चौकी प्रभारी के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग
विज्ञापन
कैप्शन 1
परगवाल में चौकी प्रभारी के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग