रियासी। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से मुलाकात नहीं होने व अपना पक्ष केंद्र सरकार तक नहीं पहुंचा पाने से निराश तलवाड़ा विस्थापितों ने मंगलवार को तलवाड़ा क्लब परिसर के बाहर धरना देते हुए प्रदर्शन किया। केंद्रीय मंत्री सोमवार को तलवाड़ा के एसटीसी पहुंचे थे। वहां उन्होंने ब्लॉक पौनी के कई स्थानों से आए सरपंचों पंचों की बात सुनी थी।
मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे माइग्रेंट एक्शन कमेटी के प्रधान जगदेव सिंह ने बताया कि वह भी सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में गए। उन लोगों ने केंद्रीय मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखनी थी। प्रधान के अनुसार वह बीस वर्ष से भी ज्यादा समय से विस्थापित के रूप में रह रहे हैं। जहां पर जिला रियासी के साथ ही राजोरी व रामबन के विस्थापित भी रहते हैं। सोमवार को उनको आस थी कि उनसे मुलाकात कर समस्याओं को सुना जाएगा, लेकिन उनके प्रतिनिधिमंडल को मंत्री से नहीं मिलने दिया। इसके बाद उनमें निराशा है। वह लोग तलवाड़ा में उनके निवास स्थान बने क्वार्टर के साथ ही बिजली पानी की समस्या के बारे में बताना चाहते थे। बार-बार आग्रह किए जाने के बाद भी उनको मुलाकात करने का समय नहीं दिया गया। मंगलवार को दिए गए धरने के दौरान नारेबाजी भी की गई इस मौके पर कहा गया की जब तक उनकी समस्याओं को सुनने के लिए केंद्र से कोई भेजा नहीं जाता वह अपना धरना रोजाना जारी रखेंगे।