पीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से जानी किशनगंगा परियोजना की प्रगति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कश्मीर घाटी में निर्माणाधीन एनएचपीसी की किशनगंगा पनबिजली परियोजना पर चल रहे कार्य की प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने प्रो एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इम्पलीमेंटेशन (प्रगति) की वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से 18वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य के मुख्य सचिव बीआर शर्मा से किशनगंगा परियोजना पर चल रहे कार्य की जानकारी ली।
शर्मा ने प्रधानमंत्री को किशनगंगा परियोजना पर विभिन्न स्तर पर चल रहे कार्य की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने राज्यों से कहा कि वह लक्ष्यों को हासिल करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना और रोडमैप और निगरानी तंत्र की रणनीति तैयार करें।
उन्होंने कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए आधुनिक तकनीकों के प्रयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि परियोजनाएं तय समय पर पूरी हो ताकि देरी की वजह से राशि बढ़ने को रोका जा सकें और समय पर लोगों को परियोजनाओं का लाभ मिले।
स्वच्छता अभियान में सबको शामिल करने के निर्देश
उन्होंने रेलवे में समस्याओं के निवारण से संबंधित प्रगति की भी समीक्षा की और सिस्टम को ओर जवाबदेह बनाने को कहा। उन्होंने रेलवे से कहा कि हादसों के मामलों में हेल्पलाइन और सभी तरह की समस्याओं को सुनने के लिए यूनिफाइड सिंगल टेलीफोन नंबर लाने पर कार्य करें।
प्रधानमंत्री ने बच्चों के टीकाकरण के लिए मिशन इंद्रधनुष की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले सौ जिलों पर फोकस करने और युवा संगठनों जिसमें एनसीसी और नेहरू युवा केंद्र भी शामिल है को भी कार्यक्रम का हिस्सा बनाने को कहा ताकि टीकाकरण के बिना कोई बच्चा न रह जाए।
प्रधानमंत्री ने अमरूत योजना के तहत आधुनिक तकनीकों के प्रयोग विशेषकर एलईडी को बढ़ावा देने को कहा ताकि ऊर्जा की बचत हो। उन्होंने 2019 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती को देखते हुए सभी हितधारकों को स्वच्छता अभियान में शामिल करने को कहा ताकि लोगों की सोच में बदलाव आ सकें।