अमरनाथ यात्रा में खलल के लिए आतंकियों को धकेल रहा पाक, ताक पर बैठे हैं 200-250 आतंकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमरनाथ यात्रा में खलल के लिए पाकिस्तान ज्यादा से ज्यादा आतंकियों को इस पार धकेलने की फिराक में है। यही वजह है कि उत्तरी कश्मीर के केरन, मछिल व टंगधार सेक्टर से पिछले कुछ दिनों से घुसपैठ की कोशिशें तेज हुई हैं। इसके लिए एलओसी पार पीओके में बने लांचिंग पैड पर 200 से 250 प्रशिक्षित आतंकी घुसपैठ के लिए तैयार रखे गए हैं। बैट दस्ते को भी सक्रिय किया गया है। इन सारे इनपुट के बाद सेना ने इंफिल्ट्रेशन ग्रिड को मजबूत किया है।
सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े सूत्रों ने बताया कि 28 जून से शुरू हो रहे अमरनाथ यात्रा के दौरान भारी तबाही की साजिश के तहत ही आतंकियों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस पार भेजने की साजिश के तहत घुसपैठ की कोशिशों को तेज किया गया है। इसके लिए पूरी एलओसी पर आतंकियों को हिदायत दी गई है कि जहां से मौका मिले वे घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल हों।
इसी के चलते उत्तरी कश्मीर में कुपवाड़ा, बारामुला व बांदीपोरा जिले में एलओसी पार बने लांचिंग पैड पर आतंकियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इन इलाकों की भौगोलिक परिस्थितियां इस प्रकार की हैं कि यहां से घुसपैठ करने में आसानी रहती है। घने जंगलों के कारण इनका लोकेशन पता लगाने में दिक्कतें आती हैं और वे जंगलों के रास्ते लक्ष्य तक पहुंचने में सफल हो जाते हैं।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकियों की सक्रियता की इनपुट के बाद ही पूरी एलओसी पर इंफिल्ट्रेशन ग्रिड को और मजबूत किया गया है। जवानों की गश्त बढ़ाई गई है। साथ ही हर वक्त पैनी नजर रखने को कहा गया है ताकि किसी भी स्थिति में घुसपैठ न होने पाए। उन्होंने बताया कि सक्रियता के चलते ही एलओसी पर पिछले 15 दिनों में घुसपैठ की चार कोशिशों को नाकाम बनाया गया है।
आतंकियों को कोड वर्ड चार्ट भी दिया जा रहा
सुरक्षा एजेंसियों के पास इस बात के इनपुट हैं कि आतंकियों को हथियारों के साथ-साथ पूरे इलाके का मैप और कोड वर्ड चार्ट भी उपलब्ध कराया गया है ताकि लक्ष्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी सामने न आए। पिछले दिनों मछिल सेक्टर में मारे गए आतंकियों के पास से भी बरामद मैप, मैट्रिक्स शीट और कोड वर्ड चार्ट भी इस साजिश की ओर इशारा करते हैं।