सीमा पार से अलगाववादियों की पीछ थपथपा रहा पाकिस्तान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत के अंदरूनी मामलों में पाकिस्तान की दखलंदाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने महिला अलगाववादी संगठन दुखतरान-ए-मिल्लत की अध्यक्ष आसिया अंद्राबी को एक खत लिख कर उसके संगठन द्वारा आजादी के हक में किए जा रहे कार्यों की सराहना की है।
साथ ही नवाज ने भरोसा दिलाया है कि पहले की ही तरह आगे भी कश्मीर के अलगाववादियों को पाकिस्तान का समर्थन मिलता रहेगा। इस खत के बाद पूरे देश में सियासत गरमा गई है।
खत में नवाज ने लिखा है कि पाकिस्तान अपनी जिम्मेदारियों को जनता है और उसमें कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। भारत कुछ भी कहे लेकिन कश्मीर मसले का हल केवल संयुक्त राष्ट्र में पेश किए गए प्रस्तावों पर ही होगा।
खत में यह भी लिखा है कि कश्मीरियों को अपने भविष्य को चुनने का मौका दिया जाए। नवाज ने खत में पाकिस्तान पर भरोसा जताने के लिए आसिया को शुक्रिया भी अदा किया है।
उल्लेखनीय है कि आसिया ने नवाज को खत लिखकर उनकी कश्मीर को लेकर नीति को सराहा था। अमर उजाला से बात करते हुए महिला अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने जो कुछ भी लिखा है वह सही है।
पाकिस्तान अपनी रणनीति में लाया बदलाव
पाकिस्तान की दोहरी रणनीति पर सवाल के जवाब में आसिया ने कहा कि जिस तरह से एनएसए स्तर की बातचीत में पाकिस्तान ने अपना स्टैंड रखा या फिर संयुक्त राष्ट्र में जो पाकिस्तान की ओर से भाषण दिया गया, उससे लगता है कि पाकिस्तान अपनी रणनीति में बदलाव लाया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि नवाज शरीफ ने आसिया अंद्राबी को पत्र लिखकर एक बार फिर से पाक की सच्चाई दुनिया के सामने ला दी है। हमारे आंतरिक मामलों में उसके हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जनरल सेक्रेट्री पीडीपी रफी मीर ने कहा कि नवाज का खत पाकिस्तान की उकसावे की कार्रवाई है। अगर दोनों देशों के बीच तनाव रहता है तो उसका सीधा असर राज्य पर पड़ेगा।
पाकिस्तान जितना कम उकसाएगा उतना अच्छा रहेगा। मुख्य प्रवक्ता कांग्रेस रविंद्र शर्मा ने कहा कि नवाज शरीफ के खत से यह बात साबित होती है कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को समर्थन दे रहा है। पाकिस्तान का यह रवैया अंतरराष्ट्रीय नियमों का भी उल्लंघन है।
बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी बलवंत सिंह ने कहा कि पाकिस्तान लगातार जम्मू-कश्मीर में अलगाववादियों की मदद कर रहा है। यह पाक प्रधानमंत्री की चिट्ठी से साबित हो गया है। अब केंद्र और रियासत की सरकार को अलगाववादी नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। अलगाववादी रियासत की शांति और खुशहाली में बाधक हैं।