कुपवाड़ा में एक साल पहले बरामद ड्रग्स व हथियारों की जांच करेगी एनआईए
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के टंगधार सेक्टर में पिछले साल जुलाई में ड्रग्स तथा एके 56 राइफलों के साथ पकड़े गए चार लोगों के मामले की जांच मंगलवार को एनआईए ने अपने हाथों में ले ली। पिछले साल नौ जुलाई को करनाह पुलिस ने 124 बटालियन बीएसएफ के साथ सैदपोरा में नाका लगा रखा था। इस दौरान दो टाटा सूमो को जांच के लिए रुकवाया गया।
एक में 12 किलो नशीले पदार्थ के साथ नवागाब्रा करनाह के रफीक अहमद व जाकिर हुसैन को गिरफ्तार किया गया। दूसरे वाहन की तलाशी में पाया गया कि सवार एके 56 राइफल के साथ थे। दो एके 56 राइफल, दो मैगजीन तथा गोलियां उनके कब्जे से बरामद की गई।
दोनों व्यक्ति हाजीतराह करनाह के मुश्ताक अहमद मलिक व शब्बीर गाखड को गिरफ्तार कर लिया गया। चारों के खिलाफ करनाह पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
माना जा रहा है कि एनआईए ने ड्रग्स तथा हथियारों की तस्करी का पता लगाने के लिए यह केस अपने हाथ में लिया है। पाकिस्तान की ओर से इन दोनों चीजों की तस्करी की जा रही है।