बैठक से पहले डोभाल को नावेद की जानकारी देंगे NIA प्रमुख
भारत और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की होने वाली बैठक से पहले नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) के प्रमुख शरद कुमार सुरक्षा सलाहकार एके डोभाल को पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद याकूब की जानकारी देंगे।
इसी क्रम में शरद कुमार वीरवार को श्रीनगर पहुंचे, जहां नावेद से चल रही पूछताछ की रिपोर्ट की समीक्षा की। पाकिस्तानी नागरिक व लश्कर आतंकी नावेद को लोगों ने उस वक्त जिंदा पकड़ लिया था, जब उसने अपने साथी के साथ मिलकर उधमपुर में बीएसएफ के काफिले पर हमला किया था।
इस हमले में बीएसएफ के दो जवान शहीद हो गए थे। जिन लोगों के संपर्क में नावेद आया था, उनसे भी पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि डोभाल शुक्रवार को दिल्ली लौट जाएंगे और वहां डोभाल को नावेद से संबंधित तमाम जानकारियां देंगे।
वीरवार को एनआईए प्रमुख राजभवन पहुंच राज्यपाल एनएन वोहरा से मिले और उन्हें नावेद मामले की ताजा जानकारी भी दी। साथ ही एनआईए के काम करने की स्टाइल से भी उन्हें अवगत करवाया।
नावेद को कई स्थानों पर ले गई एनआईए टीम
एनआईए प्रमुख 15 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा से भी मिले। आतंकियों द्वारा कश्मीर में घुसपैठ करने के लिए उपयोग किए गए मार्ग के बारे में जानने को भी सेना इच्छुक है।
दिल्ली में पोलीग्राफ टेस्ट के बाद कश्मीर घाटी लाए गए नावेद को कई स्थानों पर ले जाया गया, जहां उसने घुसपैठ के बाद उसे मदद करने वालों की भी पहचान की। एक उच्च अधिकारी ने कहा कि कुछ लोगों की गिरफ्तारी की जाए या नहीं, इस पर फैसला शुक्रवार को किया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि नावेद के लाई डिटेक्टर टेस्ट की रिपोर्ट इसी सप्ताह के अंत तक आने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि एनआईए ने दो आतंकियों के स्कैच भी जारी किए हैं, जिन्होंने नावेद के साथ घाटी में घुसपैठ की थी।
साथ ही नावेद का डीएनए और वायस सैंपल लिया गया है। सूत्रों के अनुसार डीएनए सैंपल से उसके पाकिस्तानी होने का भी फैसला होगा। नावेद ने खुद को फैसलाबाद का निवासी बताया है, जबकि पाकिस्तान उसके पाक नागरिक होने से इंकार कर रहा है।