नागपुर के रिमोट से चल रही मुफ्ती सरकार: उमर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उमर ने कहा है कि मुफ्ती सरकार नागपुर के रिमोट से चल रही है। उमर ने भाजपा-पीडीपी के गठबंधन एजेंडे को अवाम की आंखों में धूल झोंकने वाला कदम बताया।
उमर ने मुफ्ती से सवाल किया कि बताएं कि वह केंद्र से क्या लेने में सफल रहे। अफस्पा को हटाने का प्रस्ताव कैबिनेट से पारित किया जा सकता था, लेकिन, यह अधिकार केंद्र को दे दिया गया।
अनुच्छेद 370 पर भाजपा की चुप्पी उसकी मजबूरी है। इस मौन को उपलब्धि बताना गलत है। उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शक्तियों को कम करने का भी आरोप लगाया।
पूरे भाषण के दौरान उमर आक्रामक मूड में नजर आए। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाया नहीं जा सकता। यह संवैधानिक व्यवस्था है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी इस पर मौन रहे थे।
'जैसे केंद्र से कोई गिफ्ट मिल गया हो'
राज्यपाल के अभिभाषण में इस मुद्दे का जिक्र ऐसे हुआ जैसे केंद्र से कोई गिफ्ट मिल गया हो। उमर ने कहा कि अफस्पा को लागू करने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कैबिनेट से प्रस्ताव पारित कर राज्यपाल के पास भेजा था।
उस प्रक्रिया को उलटकर इसे वापस करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती थी। लेकिन, यह अधिकार केंद्र को दे दिया गया। उमर ने कहा कि उन्होंने अपने शासनकाल में इसे हटाने की कोशिश की थी। तब यह नहीं हो पाया।
इस पर उन्होंने दुख भी जताया। कहा मुझे गठबंधन के सहयोगी (कांग्रेस) से सहयोग नहीं मिला लेकिन भाजपा तो आपके साथ है, फिर अफस्पा की वापसी में दिक्कत क्या है।
उन्होंने पूछा कि आप केंद्र से गठबंधन एजेंडा में क्या ले आए? इस मुद्दे पर दिल्ली को अधिकार देना सीएम पद की ताकत को कम करने जैसा है।
नागपुर से हर निर्णय राष्ट्रीय हित में होगा: भाजपा
कठुआ के विधायक राजीव जसरोटिया ने वीरवार को विधानसभा में कहा कि नागपुर (आरएसएस) से जो भी निर्णय होगा, वह राष्ट्रीय हित में ही होगा। दोपहर बाद सत्र में जसरोटिया पूर्व मुख्यमंत्री उमर के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे।
उन्होंने तीनों खित्तों के बराबर के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास करवाने की बात कही। विकास रसूल वानी ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में पहाड़ी इलाकों के विकास के लिए कोई ठोस प्रस्ताव नहीं रखा गया। उन्होंने बनिहाल क्षेत्र में आवश्यक ढांचे और अस्पताल के निर्माण पर बल दिया।
डा. गगन भगत ने 2014 के विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र की जीत बताया। अब सरकार को लोगों की उम्मीदें पूरी करनी होंगी। विधायक राजा मंजूर अहमद ने राज्यपाल के अभिभाषण का समर्थन करते हुए कहा कि इसे रियासत के पूर्ण विकास का रोडमैप बताया। विधायक जीवन लाल ने कहा कि अभिभाषण में समाज के प्रत्येक वर्ग का ख्याल रखा गया है।