Jammu Kashmir: सांसद जुगल ने अपने ब्लाॅक को ही दे दिए एक चाैथाई काम, 176 में से 50 विकास कार्य डंसाल में
भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा ने 2024 में सांसद बनने के बाद 176 विकास कार्यों की सिफारिश की, जिसमें से 50 अपने गृह ब्लॉक डंसाल और 27 अपने ग्राम पंचायत किशनपुर को दिए। बाकी 61 कार्य जम्मू जिले के अन्य ब्लॉकों और पंचायतों के लिए प्रस्तावित किए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड) के तहत कराए जाने वाले कामों में अपने ब्लाॅक और अपनी पंचायत पर खास मेहरबान हैं । सांसद शर्मा ने वर्ष 2024 में तीसरी बार सांसद बनने के बाद 176 विकास कार्यों की सिफारिश की। इनमें से 132 काम जम्मू जिले के लिए हैं।
खास बात है कि जम्मू लोकसभा क्षेत्र में 43 ब्लाॅक व करीब 590 ग्राम पंचायतें हैंं। कुल प्रस्तावित 176 कार्यों में से 50 अपने गृह ब्लाॅक डंसाल व 27 अपने ग्राम पंचायत किशनपुर को दिए हैं। नगरोटा ब्लॉक के लिए 21 विकास कार्य सुझाए गए हैं। नगरोटा, डंसाल से सटा हुआ ब्लॉक है और दोनों ही नगरोटा विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं। सांसद बनने से पहले जुगल किशोर वर्ष 2002 और 2008 में इसी क्षेत्र से विधायक रहे हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में उनके भाई और भाजपा नेता नंदकिशोर शर्मा ने यहां से चुनाव लड़ा था। अब भी वे यहां सक्रिय हैं। इसके अलावा शेष 61 कार्य पूरे जम्मू जिले के अन्य क्षेत्रों के लिए हैं।
लोग मांग करेंगे तो काम दिए जाएंगे
जहां-जहां कार्य की जरूरत महसूस हुई और जिस क्षेत्र से लोगों ने मांग की वहां सांसद निधि से विकास कार्यों की सिफारिश की गई है। जो ब्लॉक रह गए हैं वहां के लोग मांग करेंगे तो वहां भी काम दिए जाएंगे। - जुगल किशोर शर्मा, सांसद, जम्मू
जिले के चार ब्लॉकों में एक भी काम नहीं : डंसाल और नगरोटा के अलावा सांसद निधि से बिश्नाह ब्लॉक के लिए 11, मढ़, खौड़, खड़ा बल्ली और मथवार ब्लॉक के लिए चार-चार विकास कार्यों की सिफारिश की गई है। अरनिया, भलवाल और अखनूर ब्लॉक को तीन-तीन काम मिले हैं। परगवाल, आरएस पुरा और भलवाल ब्राह्मणा ब्लॉक के हिस्से दो-दो कार्य आए हैं। सतवारी, सुचेतगढ़ और फ्लायं मंडाल ब्लॉक को एक-एक विकास कार्य की सिफारिश की गई है। जम्मू नगर निगम क्षेत्र को 14 विकास कार्य मिले हैं। चौकी चौरा, मैरा मांदरियां, मीरां साहिब और समवन ऐसे ब्लॉक हैं जिनके लिए सांसद निधि से एक भी विकास कार्य की सिफारिश नहीं की गई है।
मिले वोटों का असर विकास कार्यों पर
2024 के लोकसभा चुनाव में मिले वोटों का असर भी सांसद निधि से विकास कार्यों के वितरण में नजर आता है। सांबा और रियासी जिले जम्मू लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं जबकि राजोरी जिले की कालाकोट-सुंदरबनी विधानसभा भी इसी लोकसभा क्षेत्र में आती है। रियासी जिले से 2024 के चुनाव में जुगल किशोर को 75,472 जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रमण भल्ला को 87,626 वोट मिले थे। रियासी जिले के लिए सांसद निधि से सिर्फ एक विकास कार्य की सिफारिश की गई है। वहीं, सांबा जिले से जुगल किशोर को 1,04,323 और रमण भल्ला को 81,338 वोट मिले। सांबा जिले के लिए 30 विकास कार्यों की सिफारिश की गई है। इसी तरह कालाकोट-सुंदरबनी विधानसभा से जुगल किशोर को 38,848 और रमण भल्ला को 23,676 वोट मिले थे। राजोरी जिले के लिए सांसद निधि से 13 विकास कार्य सुझाए गए हैं।