'मेरा कश्मीर से दिली रिश्ता है तभी आता हूं'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर में मिशन कश्मीर का आगाज करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू पहुंचे। किश्तवाड़ में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को हैरत होती है कि मोदी हर महीने यहां क्यों आता है, 'भाईयों, मेरा जम्मू-कश्मीर से निजी लगाव है, तभी मैं हर महीने यहां आता हूं।'
मोदी ने कहा, ये झूठ फैलाया जा रहा है कि मुझे कश्मीर के 12 लाख रिफ्यूजियों की परवाह नहीं है। मैं भरोसा दिलाता हूं कि हर एक रिफ्यूजी को इंसाफ मिलेगा। जिन परिवारों ने अपने लोगों को खोया है उनको रोजगार मिलना चाहिए, ये मेरा जिम्मे है। हम उन सभी परिवारों को सुरक्षा देंगे। बाढ़ को मुद्दा बनाते हुए उन्होंने कहा, मौजूदा सरकार के लिए बाढ़ भी लूटने का अवसर है।
मोदी ने कहा, मुझे आपके लिए काम करना है, एक बार सेवा करने का अवसर दें। हमारी सरकार बनने पर आपको कभी पछतावा नहीं होगा। राज्य में हमारी सरकार बनाईए मैं वचन देता हूं कि केंद्र सरकार आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी। मेरा कहना है कि, डिजिटल इंडिया हो या स्किल इंडिया सबकी शुरूआत कश्मीर से ही होनी चाहिए। वोटिंग अपील करते हुए कहा, ठंड का मौसम है, बर्फबारी भी जल्द ही शुरू होने वाली है, लेकिन आप वोट करने जरूर आएं। मैं आपका प्रधानसेवक हूं और हमेशा आपके साथ हूं।
मोदी ने कहा, भाईयों हरियाणा में भी दो परिवार पांच-पांच साल राज करके जनता को लूटते थे। इस बार जनता ने दोनों परिवारों को उखाड़ फैंका। आप भी हरियाणा की तरह रियासत के दोनों परिवारों को बाहर करके भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएं। मेरा विश्वास करें, मैं पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी का सपना पूरा करूंगा और आपके प्यार को विकास के माध्यम से सूत समेत लौटाऊंगा।
मोदी ने कहा, पूरी दुनिया में पर्यटन सबसे तेजी से बढ़ रहा है और कश्मीर का पर्यटन लगातार डूब रहा है। अगर हम टूरिज्म में आगे होते तो यह दुनिया का सबसे अमीर राज्य होता। मुझे कश्मीर की वही स्थिति फिर से बनानी है, इसके लिए मुझे आपकी मदद की जरूरत है। ताकि दुनिया भर के लोग यहां आ सकें और युवाओं को रोजगार मिल सके।
उमर सरकार पर हमला करते हुए मोदी ने कहा, जब मैंने बाढ़ के बाद एक हजार करोड़ के पैकेज की घोषणा की तो राज्य सरकार को हैरत हुई कि इतने सारे पैसे मोदी ने कैसे दे दिए। भाईयों, यहां पर पैसे की कमी कभी नहीं पड़ती, लेकिन पानी कितना भी आता हो, जब बाल्टी में ही छेद हो तो क्या कर सकते हैं। सरकार की तरफ से यहां कभी पैसे की कमी होने दी गई। अगर यहां पैसे की चोरी बंद हो जाए तो केंद्र सरकार की मदद के बिना ही कश्मीर का विकास हो सकता है।
मोदी ने कहा, जब कुदरत ने हमें चिनाब नदी दी है तो फिर हमारे पास पीने का पानी क्यों नहीं है? गुजरात के कच्छे में भी पीने का पानी नहीं था, वहां हमने पाइपलाइन से नर्मदा नदी का पानी नौ हजार गांवों में पहुंचा गया। उस पाइपलाइन का साइज भी इतना है कि पूरा अब्दुल्ला परिवार कार में बैठकर उसके भीतर कार चला सकता है।
मोदी बोले, अकेले रियासत की ताकत इतनी है कि पूरे हिंदुस्तान का अंधेरा मिटा सके, लेकिन रियासत के पास अपने लिए भी बिजली नहीं है। यहां कागजों पर सारी चीजें तैयार हैं लेकिन किसी को देखने की फुरसत नहीं है।
मोदी ने अब्दुल्ला और मुफ्ती परिवार पर हमला करते हुए कहा कि, पचास साल से जो लोग कश्मीर को चला रहे हैं क्या दिया है उन्होंने कश्मीर को? क्या ये दो परिवार ही कश्मीर पर राज करेंगे? दोनों परिवार मिल कर जनता को लूट रहे हैं। ये दोनों परिवारो की मिली भगत है। पचास साल से आप लोग पछता रहे हैं लेकिन अब पछताने की नौबत नहीं आएगी।
मोदी ने कहा, मैं पीएम बनकर जब भी यहां आया हूं विकास की बात लेकर आया या फिर आपके आंसू पौंछने आया। जब मेरा श्रीनगर पानी में डूब रहा था तो मैं एक पल भी जाया किए बिना मैं यहां आपके बीच आया। भाईयों, सबकी इच्छा होती है कि अपनों के बीच दिवाली मनाई जाए, लेकिन मैं दिवाली पर मनाने आपके बीच आया। आपका दुख दर्द ही मेरा दुख दर्द है।
एक जमाना था जब लोग गुजरात में कच्छ को छोड़-छोड़ कर जाने लगे थे। मेरी सरकार ने उसी कच्छ को स्वर्ग बना दिया। अगर कच्छ का विकास हो सकता है तो कश्मीर का विकास भी हो सकता है। अगर वहां से बेरोजगारी जा सकती है तो कश्मीर से भी बेरोजगारी खत्म की जा सकती है। कब तक हमारी युवा पीढ़ी को रोजगार के लिए भटकना होगा?
मोदी ने कहा, कश्मीर के पर्यटक कभी ये शिकायत नहीं करते कि उनका कुछ सामान खो जाए तो वापस आ जाता है, इसी जज्बे, हौसले और ईमानदारी से कश्मीर को आगे ले जाना है।
मोदी की रैली के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी पहल पीएम मोदी मंच पर आ सकते हैं। मोदी से पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सभा को संबोधित किया। मोदी के स्वागत के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव समेत अन्य नेता पहले से ही जम्मू में डेरा डाले हुए हैं। मोदी की रैली के लिए पूरे किश्तवाड़ को छावनी बना दिया गया है।