Red hunt exercise: उत्तरी कमान के सैन्य कमांडर ने चीन सीमा की जांची मुस्तैदी, स्वदेशी हथियारों की क्षमता परखी
सैन्य अधिकारियों ने उत्तरी कमान प्रमुख को ऑपरेशनल तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी और जवान किसी भी ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए तैयार रहें। चुनौती के लिए वैकल्पिक रणनीतिक योजना पहले से तैयार रखें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी-चीन बॉर्डर) पर रक्षा तैयारियों में की गई बढ़ोतरी को जांचने के लिए उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी लद्दाख पहुंच गए हैं। शनिवार को द्विवेदी ने एलएसी की अग्रिम चौकियों का निरीक्षण करने के साथ ही जवानों को मुस्तैदी से डटे रहने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एलएसी पर हाल ही में सैन्य बेड़े में शामिल नए हथियारों, उपकरणों और वाहनों की मारक क्षमता जांची।
सैन्य अधिकारियों ने उत्तरी कमान प्रमुख को ऑपरेशनल तैयारियों की जानकारी दी। द्विवेदी ने कहा कि अधिकारी और जवान किसी भी ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए तैयार रहें। चुनौती के लिए वैकल्पिक रणनीतिक योजना पहले से तैयार रखें। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी कमान प्रमुख लद्दाख के पांच दिवसीय दौरे पर हैं।
रेड हंट अभ्यास की समीक्षा की
उन्होंने अग्रिम इलाकों में जाकर जवानों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया। विपरीत परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण जलवायु के बीच जवानों के हौसले की द्विवेदी ने सराहना कर सेना के उच्च मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं, लद्दाख पहुंचने पर द्विवेदी को फायर एंड फ्यूरी कोर के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल मंजीत सिंह मोखा ने मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य की जानकारी दी। इसी तरह से रेड हंट अभ्यास में हथियारों और उपकरणों की मारक क्षमता के अलावा त्वरित मूवमेंट, किसी भी परिस्थितियों में काम करने की क्षमता जांची गई।
सीमा पर सतर्कता, नागरिकों से तालमेल की तारीफ
सैन्य कमांडर द्विवेदी ने कहा कि सीमा पर जवान सतर्कता के साथ ड्यूटी कर रहे हैं, वहीं सिविल प्रशासन के साथ मिलकर स्थानीय नागरिकों के जीवन में सुधार के लिए तालमेल से काम कर रहे हैं। यह सराहनीय है। सीमावर्ती गांवों के लोगों की समस्याओं का समाधान खोजने के लिए सेना इसी तरह से प्रयासरत रहेगी।
सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी कमान प्रमुख 28 और 29 अगस्त को अग्रिम इलाकों की फार्मेशन और पूर्वी लद्दाख में स्ट्राइक वन यूनिट का दौरा करेंगे। 30 अगस्त को दौरान संपन्न करने से पूर्व वे फायर एंड फ्यूरी कोर के मुख्यालय में एलएसी के वर्तमान हालात व सुरक्षा स्थिति पर चर्चा करेंगे। उन्हें कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल ए सेन गुप्ता स्थिति से अवगत कराएंगे।