जम्मू कश्मीर में अगले 48 घंटों में आफत ला सकती है बरसात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मानसून के सक्रिय होने के साथ बरसात फिर आफत ला सकती है। रियासत के प्रवेशद्वार लखनपुर से घाटी तक बारिश हो रही है। मौसम के खराब रहने से प्रभावित इलाकों में मरम्मत कार्यों में बाधा आ रही है। बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
इस बीच बुधवार सुबह तेज बारिश से कठुआ शहर के बीचोंबीच स्थित कठुआ कनाल का एक हिस्सा बह गया। सिंचाई विभाग की एक पुलिया बहने के साथ ही कठुआ कनाल की एक तरफ की दीवार सड़क को काटते हुए निकल गई। इससे सिंचाई व्यवस्था ठप हो गई है।
बारिश और धुंध से कटड़ा-सांझीछत सेवा बाधित रही। मौसम विभाग की भविष्यवाणी में अगले 48 घंटों में जम्मू संभाग के अधिकांश इलाकों में बारिश होगी। इसमें घाटी भी प्रभावित रहेगी। खराब मौसम की जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। मौसम का ऐसा मिजाज 16 अगस्त तक रह सकता है।
कठुआ कनाल का एक हिस्सा बहा, कटड़ा में चॉपर सेवा प्रभावित
जिला कठुआ के पहाड़ी इलाकों में बारिश से पारा गिर गया है। पस्सियां गिरने से बुधवार को बनी-बसोहली मार्ग कई घंटे बंद रहा। जिला उधमपुर के कई इलाकों में बारिश हुई। चिनैनी में बारिश से पारे में गिरावट आई है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दोपहर तक बारिश होती रही। यहां चौबीस घंटों में 59.2 मिलीमीटर बारिश हुई है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश से दिन का पारा सामान्य से 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। जम्मू में चौबीस घंटों में 28.8 मिलीमीटर बारिश हुई। राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिनभर हलकी बारिश हुई, लेकिन पहाड़ी इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है।
आगामी दो दिन में तेज बारिश की सूरत में नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने के आसार हैं। मौसम के मिजाज को देखते हुए सभी जिला प्रशासनों को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।