महबूबा का विधायक दल का नेता चुना जाना तय, नए चेहरे हो सकते हैं शामिल
- दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व में बातचीत के सकारात्मक रहने के बाद पीडीपी भाजपा ने सरकार गठन की तैयारी भी शुरू कर दी है।
- जम्मू में भाजपा और श्रीनगर में पीडीपी नेताओं की बैठकें शुरू हो गई हैं और दोनों पार्टियों में बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया है।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की मुलाकात के बाद रियासत में सरकार गठन पर सात जनवरी के बाद से छाया कुहासा तेजी से छंटने लगा है। 24 मार्च को पीडीपी विधायक दल की बैठक में महबूबा मुफ्ती को विधायक दल का नेता चुना जाना तय है।
दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व में बातचीत के सकारात्मक रहने के बाद पीडीपी भाजपा ने सरकार गठन की तैयारी भी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जम्मू में भाजपा और श्रीनगर में पीडीपी नेताओं की बैठकें शुरू हो गई हैं और दोनों पार्टियों में बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया है। 24 मार्च की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पीडीपी के विधायक बुधवार को श्रीनगर के लिए रवाना हो जाएंगे।
विधायक दल की बैठक में सरकार के गठन पर अहम फैसला लेने के अलावा नई सरकार के मंत्रिमंडल पर भी चर्चा हो सकती है। पीडीपी के मुख्य प्रवक्ता महबूब बेग का कहना है कि विधायक दल की बैठक ही सरकार गठन पर चर्चा के लिए उचित मंच है। पार्टी अध्यक्ष की ओर से बुलाई गई बैठक में सरकार गठन पर अहम फैसला होने की उम्मीद है।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा ने अमर उजाला को बताया कि सात जनवरी के बाद रियासत में सरकार गठन पर बना संशय काफी हद तक दूर हो गया है। पीडीपी को अब सरकार गठन पर फैसला लेना है। उम्मीद है कि जम्मू कश्मीर में जल्द लोकतांत्रिक सरकार का गठन हो जाएगा।
मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को भी मिल सकती जगह
रियासत में पीडीपी-भाजपा गठबंधन की नई सरकार में कुछ नए चेहरों को भी शामिल किया जा सकता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल पर फैसला नए सिरे से होना है। दस माह तक चली मुफ्ती मोहम्मद सईद की सरकार में जो मंत्री शामिल रहे, उनके मंत्रालयों में फेरबदल होने के अलावा कुछ नए चेहरों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती रियासत में पहली महिला मुख्यमंत्री बनेंगी। रियासत के इतिहास में यह पहला अवसर होगा कि कोई महिला मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठेगी। पीडीपी की ओर से महबूबा को विधायक दल का नेता चुना जाना तय है। इसके बाद मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर उनके नाम का विधिवत अनुमोदन पार्टी की ओर से किया जाएगा।