मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने रियासत के लोगों को दिए कई बड़े तोहफे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को निक्की तवी पर 30 करोड़ की राशि से बने कंक्रीट डबल लेन पुल का उद्घाटन किया। पुल को 13 महीनों के रिकार्ड समय में बनाया गया है। पुल के निर्माण से फ्लायं मंडाल क्षेत्र के करीब 60 हजार ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, लोक निर्माण विभाग के मंत्री नईम अख्तर, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री बाली भगत, विधायक सुखनंदन चौधरी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने पुल का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि पुलों से न केवल इलाकों को एक-दूसरे से जोड़ने में मदद मिलती है, बल्कि लोग भी एक-दूसरे के करीब सांस्कृतिक, भावनात्मक और जरूरतों के आधार पर जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलों की तरह एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र के लोगों को भी दिल और दिमाग से जुड़ना चाहिए।
उनकी सरकार का यही उद्देश्य है। महबूबा ने कहा कि उनकी सरकार ने जम्मू शहर के विकास की योजना बनाई हुई है। जल्द ही बिक्रम चौक फ्लाई ओवर यातायात के लिए खुल जाएगा। इसी तरह कई स्थानों पर पार्किंग स्लॉट तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुबारक मंडी कांप्लेक्स को राष्ट्रीय स्तर के विरासत स्थल के तौर पर विकसित किया जाएगा।
'विकास परियोजनाओं की राशि और निर्माण अवधि तय हो'
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं की राशि और निर्माण अवधि तय हो, इसके लिए हिदायतें जारी की गई हैं। परियोजनाओं को 10 से 15 साल तक लंबित रखनी की परंपरा को बदलना होगा। निर्देश जारी किए गए हैं कि आधारशिला रखते समय ही परियोजना के पूरा होने की तारीख भी तय होनी चाहिए।
उन्होंने शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए जम्मू के लोगों की सराहना करते हुए उन्हें समाज विरोधी तत्वों से सतर्क रहने की हिदायत भी दी। निर्मल ने कहा कि रिकार्ड समय में बना निक्की तवी पुल पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद को श्रद्धांजलि हैं जोकि इस क्षेत्रों के गांवों को जम्मू शहर से जोड़ना चाहते थे।
नईम ने कहा समय की जरूरत है कि रियासत के एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र के लोगों को भावनात्मक, मानसिक व व्यवहारिकता के तौर पर जोड़ा जाए। भगत ने पुल के समय पर निर्माण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा दर्शाई दिलचस्पी पर उनका धन्यवाद किया। विधायक चौधरी सुखनंदन के अलावा नव निर्वाचित एमएलसी बिक्रम रंधावा भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
गुरेज के लिए चापर सेवा शुरू
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को गुरेज के लोगों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए श्रीनगर और गुरेज के मध्य चापर सेवा शुरू की। चापर सेवा शुरू होने से सीमांत कस्बे गुरेज के लोगों को न केवल श्रीनगर से जुड़ने का मौका मिलेगा बल्कि वह रियासत व देश के अन्य हिस्सों से भी सरलता से जुड़ पाएंगे।
खासतौर से बीमार लोगों, बच्चों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को चापर सेवा शुरू होने से राहत मिली है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रथम बैच के यात्रियों को टिकटों का वितरण भी किया। इस अवसर पर विधानसभा के डिप्टी स्पीकर नजीर गुरेजी, पूर्व विधायक फकीर मोहम्मद खान, मंडलायुक्त कश्मीर बशीर अहमद खान, पुलिस महानिरीक्षक एसजेएम गिलानी आदि भी मौजूद रहे।