जम्मू। सांसद जुगल किशोर शर्मा ने वीरवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर जिला उपायुक्त व विभागीय अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएमएवाईजी, एनआरएलएम, पीएमयूजे, पीएमकेएसवाई, पीएमयूवाई, सौभाग्य, स्वच्छ भारत मिशन, ग्रामीण आयुष्मान भारत, मनरेगा, 14वें वित्त आयोग, बैक-टू विलेज, रुके प्रोजेक्टों और अन्य केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं पर हो रहे कार्य की समीक्षा की। उन्होंने रिंग रोड प्रोजेक्ट, जम्मू स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर कार्य की प्रगति को भी जाना।
सांसद ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों को तय समय में पूरा किया जाए। लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। डीसी सुषमा चौहान ने बताया कि मनरेगा के तहत जम्मू जिले में 4930 कार्यों में से 1781 पर काम पूरा हो गया है और 3149 कार्यों पर काम जारी है। जम्मूू स्मार्ट सिटी के तहत तीन प्रोजेक्टों पर काम पूरा हुआ है और 15 परियोजनाओं पर काम जारी है।