Vaishno Devi Navratri Festival: न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रेलिया के फूलों से महका माता वैष्णो भवन, रोशनी से सजा दरबार
Vaishno Devi Navratri Festival: नवरात्र महोत्सव के अवसर पर धर्मनगरी कटड़ा में विभिन्न मार्गों पर मनमोहक स्वागत द्वार बनाए गए हैं। मुख्य बस अड्डे समेत अन्य जगहों पर रंग-बिरंगी लड़ियों से सजावट की गई है। इसके साथ ही वैष्णो देवी भवन में प्राकृतिक फूलों व फलों से भव्य सजावट की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नवरात्र महोत्सव में भक्तों के स्वागत के लिए धर्मनगरी सज कर तैयार हो गई है। भवन में प्राकृतिक फूलों व फलों से भव्य सजावट की गई है, वहीं धर्मनगरी में भव्य स्वागत द्वारों के निर्माण के साथ विभिन्न मार्गों को रंग-बिरंगी लड़ियों से सजाया गया है। नवरात्र के पहले दिन ही भक्तों को नवरात्र पर कुछ विशेष होने का एहसास हो रहा है। भवन का सजावट कार्य ऐमिल फार्मासिस्ट के सौजन्य से किया गया है। इसके लिए विशेष तौर पर फूल व फल न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आदि से मंगवाए गए हैं।
यह फूल प्राकृतिक गुफा के बाहर की सजावट में मंद-मंद खुशबू बिखेर रहे हैं। साथ ही एक किलोमीटर मार्ग तक भव्य स्वागत द्वार भी बनाए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर देवी-देवताओं की मूर्तियां भी बनाई गई हैं। कृत्रिम गुफा के बाहर भी इन फूलों से सजावट की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त अर्द्धकुवारी, चरणपादुका, दर्शनी ड्योढ़ी, आदि पर भी भव्य सजावट की गई है।
धर्मनगरी में विभिन्न मार्गों पर मनमोहक स्वागत द्वार बनाए गए हैं। इन स्वागत द्वारों से मुख्य बस अड्डे तक रंग-बिरंगी लड़ियों से सजावट की गई है। रात को टिमटिमाती रोशनी में धर्मनगरी अलौकिक एहसास करवा रही है। नवरात्र महोत्सव पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए पंडालों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इन स्थानों पर अभी से सुरक्षा कर्मी भी तैनात कर दिए गए हैं। कुल मिला कर धर्मनगरी व भवन की सजावट को देखकर भक्त कहने को मजबूर हो रहे हैं कि तेरे दर पे आने को जी चाहता है।
नवरात्र से पहले भी उत्साह, 35 हजार ने किए दर्शन
नवरात्र पर्व से एक दिन पहले रविवार को 35 हजार से अधिक भक्तों ने माता वैष्णो देवी के चरणों में माथा टेका है। इससे पहले शनिवार को 32433 भक्तों ने प्राकृतिक पिंडियों के दर्शन किए थे। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर 12 बजे तक 16 हजार से अधिक भक्तों का पंजीकरण हो चुका था। जबकि, दोपहर दो बजे तक यह आंकड़ा 22 हजार को पार कर गया। कक्ष बंद होने के दो घंटे पहले तक 34 हजार भक्त अपना पंजीकरण करा चुके थे। गौरतलब है कि शारदीय नवरात्र पर अक्सर भक्तों की संख्या 35 से 40 हजार के बीच रहती है।
भागवत कथा व माता की कहानी का होगा मंचन
नवरात्र में बुधवार से अंतिम नवरात्र तक रघुनाथ मंदिर में भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वहीं, रेलवे स्टेशन पर मंगलवार से माता की कहानी का मंचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 5 अक्तूबर को हास्य व्यंग्य प्रतियोगिता व कवि सम्मेलन का कार्यक्रम भी होगा।
चप्पा-चप्पा निगरानी में, पुलिस-सेना की नाकेबंदी
नवरात्र महोत्सव को ध्यान में रख पूरे माता वैष्णो देवी धाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं। चाक चौबंद सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ व सेना ने संयुक्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सुरक्षा जांच में डॉग स्क्वायड का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सुरक्षा जांच के लिए विभिन्न मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। जम्मू मार्ग पर मूरी चेक पोस्ट, नोमाई चेक पोस्ट, रियासी मार्ग पर बालनी चेक पोस्ट, उधमपुर मार्ग पर पैंथल व सेरली चेक पोस्ट पर हर वाहन की गहनता से जांच की जा रही है। इन चेक पोस्टों पर महिला पुलिस भी तैनात है।
प्रमुख स्थलों पर बिना वर्दी के भी जवान तैनात हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर डॉग स्क्वायड से भी जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त पहाड़ी क्षेत्रों में सेना व सीआरपीएफ कड़ी नजर रखे हुए है। बाणगंगा में यात्रियों के सामान की जांच मशीन से की जा रही है। भवन मार्ग पर भी जवानों की आवाजाही बढ़ी है। अर्द्धकुवारी और सांझी छत पर भी हर यात्री को जांच की प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा। एसपी अमित भसीन ने बताया कि नवरात्र में भक्तों की संख्या में इजाफा होता है और विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। ऐसे में सुरक्षा इंतजाम को खंगालना अनिवार्य हो जाता है। सुरक्षा कर्मियों को विशेष निर्देश हैं कि वे सुरक्षा जांच के नाम पर भक्तों को किसी प्रकार की दिक्कत न दें।