Lok Sabha Election: अनंतनाग-राजोरी सीट के लिए 27 हजार कश्मीरी पंडित करेंगे मतदान
अनंतनाग-राजोरी संसदीय सीट में शामिल 18 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 1830294 मतदाताओं में 930379 पुरुष और 899888 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 27 थर्ड जेंडर शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के हो रहे इस मतदान के लिए सारी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
विस्तार
अनंतनाग-राजोरी संसदीय सीट पर 25 मई को विस्थापित वोटरों के मतदान के लिए जम्मू में 21 पोलिंग स्टेशन और आठ सहायक केंद्र स्थापित किए जाएंगे। जम्मू के जगती सहित अन्य स्थानों पर रह रहे करीब 27 हजार कश्मीरी पंडित इन बूथों पर मतदान कर पाएंगे। इससे पहले श्रीनगर और बारामुला संसदीय सीट पर मतदान के लिए तीन सहायक मतदान केंद्र बनाए गए थे। अनंतनाग-राजोरी सीट पर विस्थापित मतदाताओं की अधिक संख्या को देखते हुए अतिरिक्त मतदान केंद्रों की व्यवस्था करने का फैसला लिया गया है।
अनंतनाग-राजोरी संसदीय सीट में शामिल 18 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 1830294 मतदाताओं में 930379 पुरुष और 899888 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 27 थर्ड जेंडर शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के हो रहे इस मतदान के लिए सारी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि अनंतनाग-राजोरी सीट के लिए अधिक विस्थापित मतदाता हैं। इससे उनकी सुविधा के लिए अतिरिक्त सहायक मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। ये सभी आठ केंद्र मुख्य मतदान केंद्रों के भीतर स्थापित होंगे। इनका उद्देश्य तेजी से मतदान करवाना है। विस्थापित मतदाताओं में वोट फार होम मतदान में अधिकांश ने डाक पत्रों से मतदान के लिए तवज्जो दी है।
अनंतनाग-राजोरी की हॉट सीट भाजपा के लिए भी अहम मानी जा रही है। भले ही इस सीट पर सीधे तौर पर भाजपा ने अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है लेकिन अंदर खाते अपनी पार्टी को समर्थन किया है।
हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू-कश्मीर मामलों के प्रभारी तरुण चुघ ने अनंतनाग संसदीय सीट पर कई सभाएं कर मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया था। उनका कहना है कि हम लोकतंत्र के दुश्मन नेकां, पीडीपी और कांग्रेस जैसे राजनीतिक दल को सत्ता में नहीं आने देंगे।
इन दलों ने जम्मू-कश्मीर के लोगों से धोखा किया है। मंगलवार को नौशेरा में एक सभा में पहुंचे प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा कि भाजपा कश्मीर केंद्रित सीटों पर भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। पार्टी की ओर से इन सीटों पर किसी प्रत्याशी को न उतारना राजनीति रणनीति का हिस्सा है। अनंतनाग सीट के प्रचार के लिए पार्टी के कई शीर्ष नेता वहां पर मौजूद हैं।
कश्मीरी पंडितों का समर्थन पाने के लिए उम्मीदवार लगा रहे जम्मू के चक्कर
अनंतनाग-राजोरी संसदीय सीट पर 25 मई को होने जा रहे मतदान में कश्मीरी विस्थापित मतदाताओं ने अपनी पार्टी को समर्थन देने का ऐलान किया है। इस सीट पर 27 हजार के करीब कश्मीरी विस्थापित मतदाता हैं। ऐसे में उनका समर्थन जुटाने के लिए राजनीतिक दल जम्मू में उनके विस्थापित कैंपों तक पहुंच रहे हैं। अपनी पार्टी के उम्मीदवार जफर इकबाल मन्हास के समर्थन में मंगलवार को जम्मू के दुर्गा नगर में कश्मीरी विस्थापित ने बैठक की।
दुर्गा नगर वेलफेयर कमेटी की बैठक में अपनी पार्टी के प्रदेश महासचिव विजय बकाया व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान विजय बकाया ने कश्मीरी विस्थापित मतदाताओं के कल्याण, मातृभूमि कश्मीर में उनकी सुरक्षित और सम्मानजनक वापसी के लिए पार्टी के एजेंडा और नीति से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि पार्टी कश्मीर घाटी से पलायन के बाद जम्मू और अन्य स्थानों पर रहने वाले प्रवासी कश्मीरी विस्थापितों के लिए कल्याणकारी नीति को लागू करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इस दौरान एमके योगी ने अपनी पार्टी को समर्थन देने का आश्वासन दिया। बैठक में पवन कौल, मुक्तेश योगी, अशोक कुमार कौल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।