सीजफायर उल्लंघन: सीमा पर लंबी दूरी तक मार करने वाली गनों की तैनाती
सूत्रों का कहना है कि बीएसएफ ने बार्डर पर अधिक दूरी तक मार करने वाले हथियारों को लगाया है। इन हथियारों से पाक को करारा जवाब देने की तैयारी कर ली गई है। इनमें कई आधुनिक हथियार भी शामिल हैं, जो पाक गोलाबारी को खामोश करने में काफी हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि बीएसएफ ने बार्डर पर तैनात जवानों को निर्देश दिया है कि अगर पाक थोड़ी सी भी फायरिंग करे तो उसको ऐसा जवाब दो कि वह कुछ मिनट में खामोश हो जाए।
पाकिस्तान की ओर से होती रहती है गोलाबारी
दरअसल, हर बार पाकिस्तान की तरफ से अचानक से सभी क्षेत्रों में गोलाबारी शुरू कर दी जाती है। इससे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिलता और जानमाल का नुकसान हो जाता है। नौशेरा में गोलाबारी होने के बाद सांबा, कठुआ और जम्मू जिले के बार्डर पर स्थित गांव के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
यदि कहीं भी उन्हें लगे कि गोलाबारी की आशंका है तो तुरंत सुरक्षित स्थानों की तरफ जाएं। जवानों को भी पूरी सतर्कता के साथ रहने के लिए कहा गया है। जवानों को आतंकियों की घुसपैठ पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।