स्विट्जरलैंड की तरह जोजिला के पास बनेगा हिल स्टेशन, पर्यटकों को दिखेगा सुंदर वादियों का नजारा
लद्दाख में जोजिला के पास और जम्मू-कश्मीर में जेड मोड़ टनल के पास 18 किलोमीटर के क्षेत्र में स्विट्जरलैंड की तरह हिल स्टेशन विकसित किया जाएगा। स्विट्जरलैंड में दावोस की तरह यहां पर विश्वस्तरीय पर्यटन का केंद्र विकसित करने की योजना बनाई गई है। देश में अपनी तरह की पहली प्रतिष्ठित परियोजना की समीक्षा करते हुए गडकरी ने यह बात साझा की।
केंद्रीय सड़क एवं राज्य परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि लद्दाख में जोजिला के करीब और जम्मू-कश्मीर में जेड मोड़ टनल के पास 18 किलोमीटर के क्षेत्र में विश्वस्तरीय हिल स्टेशन बनाया जाएगा। इस क्षेत्र में भारी बर्फबारी होती है और यह क्षेत्र काफी सुंदर है। ऐसे में यहां पर अपनी तरह का अनोखा रिसॉर्ट बनाने की योजना है।
गड़करी ने कहा कि स्विट्जरलैंड में जिस तरह से वार्षिक विश्व आर्थिक फोरम की बैठक होती है। ऐसी बैठकें लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में भी हो सकती हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बैठक के बारे में पत्रकारों को बताते हुए कहा कि जोजिला के पास स्विट्जरलैंड की तरह हिल स्टेशन बनाने की योजना है। उसमें जो टाउनशिप विकसित की जाएगी, वैसी टाउनशिप स्विट्जरलैंड में भी नहीं है।
पर्यटकों को दिखेगा सुंदर वादियों का नजारा
विश्व के सबसे ऊंचे क्षेत्र में यह टाउनशिप होगी। यहां पर एक तरफ लद्दाख की सुंदर वादियों का नजारा होगा और दूसरी तरफ कश्मीर की सुंदर घाटी। कहा कि 15 अक्तूबर 2020 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जोजिला टनल का निर्माण कार्य विधिवत शुरू करवाया था।
तीन साल में काम पूरा होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस विश्व स्तरीय परियोजना का लोर्कापण करेंगे। 14 से 15 किलोमीटर लंबी जोजिला टनल एशिया की सबसे बड़ी टनल होगी और 11578 फीट की ऊंचाई पर टनल होने से इसका सामरिक महत्व भी बहुत ज्यादा होगा। टनल बनने के बाद लद्दाख और जम्मू कश्मीर के बीच ऑल वेदर रोड भी मुहैया हो पाएगी।