कश्मीर में सीजन की सबसे भारी बर्फबारी, दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर संभाग में सोमवार को सीजन की रिकार्ड बर्फबारी दर्ज है। बेरहम मौसम ने जिले में दो लोगों की जान ले ली। एक युवक की मौत सिर पर लगातार ओले गिरने के कारण हो गई। जबकि एक व्यक्ति ठोकर खाकर गिर पड़ा। कड़ाके की ठंड में वह उठ नहीं सका और अकड़ कर उसकी मौत हो गई। सोमवार की सुबह दोनों के शवों को बरामद किया गया।
सोमवार को मौसम साफ होने से जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे पर फंसे वाहनों को निकाला गया, लेकिन दोनों तरफ से नए सिरे से वाहनों को नहीं छोड़ा गया। जम्मू के नगरोटा में करीब 300 वाहनों को रोका गया है।
उधमपुर और रामबन में रास्ता साफ किया गया, लेकिन रामबन के सनासर में पस्सियां दोबारा गिरने से 18 मकान चपेट में आ गए। वहां जिला प्रशासन ने फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया। सोमवार को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर कुछ स्थानों पर पस्सियां गिरी हैं। मंगलवार को हाईवे पर आवाजाही मौसम पर निर्भर करेगी। सोमवार को जम्मू में मौसम साफ रहने से लोगों ने राहत ली।
गुलमर्ग में एक फुट ताजा बर्फबारी
जानकारी के अनुसार श्रीनगर में रिकार्ड 18 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई, जो रविवार को हुई 53.8 एमएम बारिश के बराबर है। गुलमर्ग में एक फुट ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई। कोकरनाग में 1.6 फीट, पहलगाम में आठ इंच बर्फबारी हुई।
बर्फबारी होने से श्रीनगर में रात का पारा दो डिग्री लुढ़क कर 0.3 डिग्री तक पहुंच गया। गुलमर्ग में माइनस सात डिग्री तक तापमान पहुंच गया है। कारगिल में भी माइनस 6.5 डिग्री तक तापमान पहुंचा। बनिहाल, बटोत, भद्रवाह, पत्नीटाप, नत्थाटाप, राजोरी, पुंछ सहित कश्मीर के सभी जिलों में बर्फबारी हुई।
हाईवे पर सबसे पहले सुबह छोटे वाहन छोड़े गए। इसके बाद बड़े वाहनों को भी छोड़ा गया। रविवार को खैरी के पास पस्सियां गिरने से रास्ता बंद कर दिया गया था। सोमवार को यहां से हजारों वाहनों को छोड़ा गया है।
कुद, लाटी, सराड़, मरोठी, बप्प, मानतलाई, सुद्धमहादेव में भी पांच से आठ इंच तक ताजा बर्फ गिरी। जम्मू के बस स्टैंड में एक हजार यात्रियों को जम्मू यात्री भवन में ठहराया गया है। यहां प्रशासन की ओर से यात्रियों के लिए लंगर लगाया गया।