कारगिल विजय दिवस: सीमाओं की सुरक्षा में बेटियां भी किसी से कम नहीं, रक्षा मंत्री बोले- सेना के शौर्य पर गर्व
पाकिस्तान को आइना दिखाते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हम यह जानते हैं कि जब तक जवान सीमाओं पर हमारी रक्षा कर रहे हैं, भारत की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत भी किसी के अंदर नहीं हो सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
द्रास में कारगिल विजय दिवस समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमें यह भी याद रखना चाहिए कि कैसे युद्ध के दौरान फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन सक्सेना तथा श्रीविद्या राजन दुश्मनों के खिलाफ अद्भुत साहस का परिचय दे रही थीं। उनके शौर्य ने यह संदेश दिया कि जब बात देश की सीमाओं की सुरक्षा की आती है तो इस देश की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं।
आज कारगिल में भारत का ध्वज पूरे वैभव के साथ लहरा रहा है। आज भी मां अपने बच्चों को जब वीरता की कहानियां सुनाती हैं तो उनकी कहानियों में कैप्टन मनोज पांडे, कैप्टन विक्रम बत्रा और इन जैसे न जाने कितने वीरों का जिक्र होता है। हमने इन वीरों को थाती बनाकर रखा है और आने वाली न जाने कितनी पीढ़ियां इनके शौर्य से प्रेरणा लेती रहेंगी। भारत की तरफ चली हर एक गोली को हमारे सैनिकों ने फौलादी सीने से रोक दिया।
शहीदों के योगदान को कभी धुंधला नहीं पड़ने देंगे
पाकिस्तान को आइना दिखाते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हम यह जानते हैं कि जब तक जवान सीमाओं पर हमारी रक्षा कर रहे हैं, भारत की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत भी किसी के अंदर नहीं हो सकती है। सिर्फ कारगिल ही नहीं बल्कि आजादी से लेकर आज तक कई बार जवानों के शौर्य ने देश का मस्तक ऊंचा किया है।
मैं कारगिल युद्ध में शहीद हुए सभी वीर सैनिकों के परिवारों और शुभचिंतकों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम उनके बलिदानों को, उनकी याद को कभी धुंधला नहीं पड़ने देंगे। नेशनल वार मेमोरियल हमारी इस प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
बालटाल आधार शिविर में शहीदों को किया नमन
मध्य कश्मीर के गांदरबल में स्थित बालटाल आधार शिविर में भी कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पाकिस्तान पर जीत की खुशी में सुरक्षाबलों के जवानों में मिठाइयां बांटी गई। पूरा माहौल देश भक्ति से रंगा दिखा। शिव गौरी सेवा मण्डल (दिल्ली) के प्रधान विकास शर्मा ने बताया कि जवानो को श्रद्धांजलि दी गई।
यहां तैनात सेना, आईटीबीपी, सीआरपीएफ़, बीएसएफ़ और पुलिस के जवानो के बीच मिठाइयां भी बांटी गईं। बताया कि वह 10 वर्षों से विजय दिवस पर जवानों में मिठाइयां बांटते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जवानों के प्रति हमारा भी फर्ज़ बनता है कि हम उन्हें याद करें। इस अवसर पर शिव गौरी सेवा मण्डल द्वारा अपने भंडारे को तिरंगे वाली थीम दी गई।
हमेशा प्रेरित करती रहेंगी कारगिल विजय के शूरवीरों की गाथाएं: पीएम
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, कारगिल विजय दिवस भारत के उन अद्भुत पराक्रमियों की शौर्यगाथा को सामने लाता है, जो देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणाशक्ति बने रहेंगे।
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, आज कारगिल विजय दिवस के गौरवशाली अवसर पर सभी देशवासी हमारे सशस्त्र बलों के असाधारण पराक्रम से अर्जित की गई विजय को याद करते हैं। उपराष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन में कारगिल विजय दिवस पर वीरों को नमन करते हुए कहा, 1999 में आज ही के दिन हमारे वीर जवानों ने अपने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से कारगिल में घुसपैठियों को हमारी सीमा से खदेड़ दिया था।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रणबांकुरों को दी श्रद्धांजलि
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कारगिल विजय दिवस पर कारगिल युद्ध के रणबांकुरों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस पर मैं उन बहादुर सैनिकों, अधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने मातृभूमि की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए शौर्य और बलिदान की भावना काे प्रस्तुत किया। उपराज्यपाल ने कहा कि मैं कारगिल युद्ध के नायकों के परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। कहा कि सैनिकों के बलिदान और सेवा के लिए पूरा देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।