जम्मू आ रही टाटा मूरी की दो बोगियां पटरी से उतरीं
जम्मू आ रही टाटा मूरी एक्सप्रेस की दो बोगियां मंगलवार को हीरानगर में पटरी से उतर गईं। हादसे से मुसाफिरों में हड़कंप मच गया। आननफानन में पठानकोट से जम्मू के ट्रैक पर रेल यातायात रुकवा दिया गया।
कुछ घंटों में बेपटरी हुई बोगियों को छोड़कर बाकी को अलग कर लिया गया। हादसे में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। देर शाम तक ट्रैक के बीचोंबीच फंसी बोगियों को निकालने की कवायद जारी थी। बहरहाल, जम्मू-पठानकोट रूट पर ट्रैफिक बहाल कर दिया गया है।
मंगलवार दोपहर करीब 3.45 बजे जम्मू आ रही टाटा मूरी एक्सप्रेस हीरानगर रेलवे स्टेशन के आउटर सर्किल में पहुंचने पर कांटा बदल रही थी। इसी दौरान बोगी नंबर एस-7 और एस-8 पटरी से उतर गईं। एक बोगी दो पटरियों के बीच में ही फंस गई।
धीमी रफ्तार के चलतेटला हादसा
ट्रेन की रफ्तार धीमी होने के चलते बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद उत्तरी रेलवे का पूरा तंत्र हरकत में आ गया। तकनीकी विंग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सबसे पहले ट्रैक में फंसी बोगियों को छोड़कर अन्य को सुरक्षित अलग किया गया।
इसके साथ ही फंसे यात्रियों को भी शिफ्ट कर गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। हादसे से जम्मू-पठानकोट ट्रैक पर रेल यातायात आंशिक रूप से प्रभावित हुआ।