Jammu Kashmir: भतीजे की शादी में आई महिला को बस चालक ने मारी टक्कर; इलाज के दौरान हुई मौत,
अंबफला चौक पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बस की टक्कर से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि पुलिस बस चालक की पहचान नहीं कर पाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर के अंबफला चौक पर सड़क पार करते समय बस की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान चंचलो देवी (55) निवासी नगरोटा के रूप में हुई। वह बेटे के साथ अंबफला में भतीजे की शादी में शामिल होने आई थी। घटना मंगलवार दोपहर 12 बजे की है। चंचलो देवी बेटे के साथ नगरोटा से मेटाडोर में जम्मू आई थी। अंबफला में मेटाडोर से उतरने के बाद सड़क पार कर रही थी कि पीछे से आ रही बस की चपेट में आ गई। जोरदार टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से बेटे ने जीएमसी पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान मौत हो गई। जिस बस चालक ने टक्कर मारी, वह बस के साथ फरार हो गया।घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य जीएमसी पहुंचे। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल था।
उन्होंने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर पुलिस मौजूद थी, लेकिन वह न तो बस की पहचान कर पाई न ही टक्कर लगने के बाद महिला को अस्पताल लेकर गई। परिवार के सदस्यों ने कहा कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर मारने के बाद बस तेज रफ्तार में वहां से निकली। उन्होंने कहा कि मंगलवार को भतीजे का शगुन था, उसी में शामिल होने चंचलो देवी जम्मू आई थीं। वहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
उधर, जिस घर में शादी थी, वहां के लोग भी आनन-फानन में जीएमसी पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने पुलिस से बस की पहचान कर चालक को पकड़ने की मांग की है। वहीं रिहाड़ी पुलिस चौकी के मुंशी मुजफ्फर शाह ने कहा कि इस बात की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है कि महिला को टक्कर किस वाहन ने मारी है। उस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली, लेकिन कैमरा का फोकस वहां नहीं था। पूरे इलाके के सीसीटीवी की फुटेज जांच कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।