JK Weather: बर्फबारी से गिरा पारा, आगामी दिनों में मौसम साफ होने से खुश्क सर्दी में होगा इजाफा
पुंछ जिले और घाटी के शोपियां से जोड़ने वाले मुगल रोड और पीर पंजाल के साथ पर्यटन स्थल गुलमर्ग के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। जिला कठुआ की बनी तहसील के नुकनाली, कैलाश कुंड क्षेत्र में एक फुट तक सीजन की पहला हिमपात हुआ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू शहर में बुधवार को मौसम साफ रहा। इससे पहले मंगलवार को कई जिलों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ठंड ने दस्तक दे दी। पुंछ जिले और घाटी के शोपियां से जोड़ने वाले मुगल रोड और पीर पंजाल के साथ पर्यटन स्थल गुलमर्ग के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। जिला कठुआ की बनी तहसील के नुकनाली, कैलाश कुंड क्षेत्र में एक फुट तक सीजन की पहला हिमपात हुआ। जम्मू समेत संभाग के अन्य जिलों में भी बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा की त्रिकुटा पहाड़ियों पर धुंध छाए रहने से मंगलवार को कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा दिनभर ठप रही। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बुधवार को जम्मू और कश्मीर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
मुगल रोड पर मंगलवार दोपहर को हुए भूस्खलन के दौरान सेब लदे ट्रक पर बड़ा पत्थर गिरने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुरा निवासी कुर्बान अली के रूप में हुई है। वह मुगल रोड से ट्रक (यूपी32एमएन-1224) लेकर जा रहा था। हादसे में ट्रक का खलासी सुरक्षित है। इस दुर्घटना के बाद मुगल रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक रोक दी गई है।
उधर, कश्मीर में बदले मौसम और बर्फीली हवाएं चलने से तापमान में भारी गिरावट के साथ ठंड बढ़ गई है। राजधानी श्रीनगर समेत अधिकांश हिस्सों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। वहीं जम्मू में मंगलवार दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दोपहर तक धूप खिली रही, लेकिन शाम चार बजे के बाद अचानक मौसम बदला और आसमान में काली घटाएं छा गईं। जम्मू और आसपास के हिस्सों में रात तक बारिश हो रही थी। यहां दिन का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री गिरा है। इसी तरह जिला रियासी, उधमपुर, चिनैनी में बारिश हुई। जिला कठुआ के पर्वतीय इलाके लोहाई मल्हार आदि में बारिश से सर्दी बढ़ी है।
कहां कितना तापमान (अधिकतम)
- श्रीनगर 24.5 (सेल्सियस डिग्री)
- पहलगाम 19.4
- गुलमर्ग 13.0
- जम्मू 29.1
- बनिहाल 25.0
- बटोत 21.5
- कटड़ा 24.5
- लेह 13.1
कहां कितनी बारिश
- स्थान बारिश (मिलीमीटर)
- कटड़ा 49.4
- बटोत 11.2
- जम्मू 11.2
- बनिहाल 0.7
- भद्रवाह 0.2
राजोरी में बारिश के साथ कई इलाकों में पड़े ओले
राजोरी शहर व जिले के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मंगलवार दोपहर बाद बारिश से ठंड बढ़ गई है। मंगलवार दोपहर बाद करीब चार बजे से रुक रुककर बारिश होती रही। जिले के पहाड़ी इलाके बुद्धल, कंडी, थन्नामंडी, दरहाल, मंजकोट, कालाकोट आदि में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। पीर पंचाल के पहाड़ों पर भी ओले गिरे हैं। इससे लोगों ने गर्म कपड़े और आग का सहारा लेना शुरू कर दिया है।