सांबा। सांबा के नड्ड के डैन डबर इलाके के बसंतर दरिया में एक लापता व्यक्ति के डूबने की आशंका पर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि देर शाम तक व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। लापता व्यक्ति की पहचान पूर्ण सिंह (65) निवासी जटाह के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार पूर्ण सिंह शुक्रवार सुबह अपने मवेशी चराने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक घर नहीं पहुंचा। रात भर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया। सुबह परिजनों को बसंतर दरिया किनारे डैन डबर के पास पूर्ण सिंह के कपड़े मिले। घबराए परिजनों ने पुलिस को सुचित किया। इसके बाद गौरन चौकी प्रभारी और सांबा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। लापता व्यक्ति के बसंत दरिया में डूबने की आशंका के बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। लापता व्यक्ति को तलाशने के लिए व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक कोई भी सुराग नहीं मिल पाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में स्थानीय लोगों के सहयोग से व्यक्ति को तलाश करने के प्रयास किए जा रहे हैं।