जम्मू झिड़ी मेला: प्रदेश से बाहर के वाहनों की सिर्फ लखनपुर में ही होगी जांच, वन टाइम चेकिंग से मिलेगी राहत
जम्मू में झिड़ी मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके साथ ही देश भर से श्रद्धालुओं का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। आधिकारिक तौर पर यह मेला 7 नवंबर से शुरू होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू में झिड़ी मेले में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। हालांकि 7 नवंबर से बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इनके वाहनों के दस्तावेज की जांच के नाम पर जगह-जगह यातायात पुलिस न रोके, इसके लिए वन टाइम चेकिंग की व्यवस्था की जा रही है।
यातायात पुलिस लखनपुर में प्रवेश द्वार पर ही ऐसे वाहनों के दस्तावेजों की जांच कर लेगी। हालांकि किसी संदिग्ध की सूचना या फिर सुरक्षा कारणों से वाहनों को कहीं पर भी रोका जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि यातायात पुलिस लखनपुर में श्रद्धालुओं के वाहनों के दस्तावेजों की जांच कर लेगी।
इसके बाद वाहन को किसी तरह से प्रमाणित कर दिया जाएगा, ताकि लखनपुर से जम्मू तक बीच रास्ते दस्तावेज जांचने के बहाने यातायात पुलिस तंग न करे। यातायात पुलिस ने श्री अमरनाथ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यही किया था।
एसएसपी यातायात पुलिस रूरल मोहन कैथ का कहना है कि हमारी कोशिश है कि लखनपुर प्रवेश द्वार पर ही इन वाहनों की जांच कर ली जाए। इसके बाद इन्हें एक स्टीकर या फिर बैच दे दिया जाएगा, जो प्रमाणित करेगा कि वाहन की जांच हो चुकी है।
हालांकि संबंधित जिलों की पुलिस सुरक्षा के लिहाज से वाहनों की जांच जरूरी के हिसाब से कर सकती है। बता दें कि झिड़ी मेले में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के करीब 8 लाख श्रद्धालु हर साल पहुंचते हैं। यह श्रद्धालु अधिकतर निजी वाहनों में आते हैं।
सुरक्षा पर समझौता नहीं, लेकिन तंग भी नहीं किया जाएगा
झिड़ी मेले में यातायात बंदोबस्त और सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर बैठक होने वाली है। हमारी कोशिश है कि दस्तावेज चेक करने के नाम पर इनको तंग न किया जाए। इसके लिए व्यवस्था पर विचार चल रहा है। लेकिन सुरक्षा पर किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कहीं पर लगेगा कि कोई देश विरोधी तत्व इसकी आड़ में साजिश कर रहा है, तो इसके लिए जांच की जाएगी। - विवेक गुप्ता, डीआईजी, यातायात पुलिस