जम्मू-कश्मीर में कोरोना : प्रदेश की सीमाएं सील, केंद्रीय विवि 30 अप्रैल तक बंद
- कोरोना की गंभीर स्थिति के कारण जम्मू और क्लस्टर विश्वविद्यालय में चलेंगी सिर्फ ऑनलाइन कक्षाएं
- माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं के लिए होगी स्पेशल पास की व्यवस्था
- लखनपुर के साथ अटल सेतु का 500 मीटर दायरा भी कंटेनमेंट जोन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में कोरोना की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशसन ने शुक्रवार को प्रदेश की सभी सीमाएं सील कर दीं। पंजाब और हिमाचल से लगते सभी इंट्री प्वाइंट्स से बिना कोरोना जांच के कोई भी वाहन प्रदेश में नहीं आ पाएगा। इस बीच जम्मू के केंद्रीय विश्वविद्यालय को 30 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है।
जम्मू व क्लस्टर विश्वविद्यालय में ऑफलाइन के स्थान पर ऑनलाइन कक्षाएं 30 अप्रैल तक चलेंगी। साथ ही गृह मंत्रालय के आदेशानुसार राष्ट्रीय महत्व की जम्मू संभाग में 12 धरोहरों को भी 15 मई तक बंद कर दिया गया है। माता वैष्णो देवी के यात्रियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए स्पेशल पास की व्यवस्था प्रदेश के प्रवेश द्वार लखनपुर में की गई है।
कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सख्ती बढ़ाते हुए बीते वर्ष 24 मार्च से कंटेनमेंट जोन बने लखनपुर के पांच सौ मीटर क्षेत्र के बाद अब अटल सेतु के पांच सौ मीटर दायरे को भी कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। आपात मेडिकल सुविधाओं के अतिरिक्त अटल सेतु से रात आठ बजे के बाद और सुबह छह बजे से पहले किसी को भी आने-जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वीरवार को मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर के कठुआ दौरे के बाद हट्ट माश्का-खैरी में हिमाचल बार्डर, कीड़ियां गंडियाल, नगरी और कोटपुन्नू में भी पंजाब बार्डर से आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। कीड़ियां गंडियाल के निवासियों को आधार कार्ड के आधार पर ही आवाजाही के लिए अनुमति दी जा रही है। अन्य सभी लोगों को लखनपुर के रास्ते प्रदेश में दाखिल होने की हिदायत दी जा रही है।
पंजाब और हिमाचल से सटे कठुआ जिले के सभी इंट्री प्वाइंट सील कर दिए गए हैं। पुलिस तैनाती बढ़ा दी गई है।
रमेश चंद्र कोतवाल, एसएसपी, कठुआ
हर यात्री की रैपिड और आरटीपीसीआर जांच लखनपुर में होगी। सांबा, जम्मू, उधमपुर और रियासी के लोग स्वयं घोषित फॉर्म भरकर सांबा पहुंचेंगे, जहां जांच के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया जाएगा। अन्य सभी जिलों के लोगों की जांच लखनपुर में ही की जाएगी।
राहुल यादव, डीसी, कठुआ
इन धरोहरों को किया बंद
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधीन आने वाली जम्मू संभाग की 12 धरोहरों को 15 मई तक के लिए तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। विभाग के अधीक्षण सर्वेक्षक विनोद सिंह रावत ने इस संबंध में सभी संबंधित जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिख दिया है। जिन धरोहरों को बंद किया गया है उनमें कठुआ जिले के बसोहली का त्रिलोचीनाथ मंदिर, बिलावर का हरिहरा (बिल्केश्वर महादेव मंदिर), जम्मू जिले का अखनूर किला और अंबारन साइट्स, उधमपुर जिले की थलौरा में भगवती मंदिर समेत तीन साइट, मनवाल में काला डेरा की एक और दो साइट, प्राचीन बबौर मंदिर, क्रिमची और रामनगर के किले सहित दो साइट शामिल हैं।
जम्मू का ग्रेटर कैलाश व सुंदरबनी का दियोली गांव माइक्रो कंटेंनमेंट जोन घोषित
जम्मू जिले के ग्रेटर कैलाश इलाके की लेन नंबर 21 व राजोरी जिले के सुंदरबनी के पहाड़ी क्षेत्र के गांव दियोली को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। देयोली में से एक साथ सात कोरोना संक्रमितों की पुष्टि के बाद यह फैसला किया गया है। जम्मू जिले में ग्रामीण बैंक शाखा खौड़ के मैनेजर और कैशियर कोरोना टेस्ट के दौरान संक्रमित पाए गए हैं। इसके चलते दोनों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। बैंक शाखा को सैनिटाइज किया गया है।
छठें दिन भी एक हजार से ऊपर संक्रमित, दो की मौत
जम्मू-कश्मीर में कोविड संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को छठे दिन भी प्रदेश में एक हजार से ऊपर 1144 नए संक्रमित मामले मिले। इसमें कश्मीर संभाग से 730 मामले हैं। प्रदेश में सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर 10620 तक पहुंच गया है। पिछले चौबीस घंटे में जम्मू और कश्मीर संभाग में 1-1 व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 2048 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है, जिसमें कश्मीर संभाग में 1289 मौतें हुई हैं।
नए संक्रमित मामलों में जिला श्रीनगर सबसे अधिक प्रभावित है। यहां 407 नए संक्रमित मामले मिले हैं, जिसमें 64 यात्री हैं। इस जिले में सर्वाधिक 3770 सक्रिय मामले हैं और अब तक 485 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है। प्रदेश में शुक्रवार को कुल आए संक्रमित मामलों में से 180 यात्री हैं। जिला जम्मू भी लगातार प्रभावित हो रहा है। जिले में 223 नए संक्रमित मामले मिले हैं, जिसमें 215 स्थानीय स्तर के हैं। जम्मू जिले में 2182 सक्रिय मामले हैं और अब तक 396 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है।