J&K Election: पहले चरण में चुनावी संग्राम, प्रमुख दलों की प्रतिष्ठा दांव पर, निर्दलीय प्रत्याशियों से मुकाबला
पहले चरण के जम्मू-कश्मीर चुनाव में भाजपा, नेकां, पीडीपी और कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर है, जहां निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों से कड़ा मुकाबला हैं।
विस्तार
डोडा सीट पर गठबंधन के बाद भी नेकां व कांग्रेस प्रत्याशी दोनों मैदान में हैं। इसके साथ ही डीपीएपी, भाजपा, आप व पीडीपी भी चुनाव लड़ रही है। यहां मतों के ध्रुवीकरण पर जीत हार का फैसला होना है। डोडा में पहली बार कमल खिलाने वाले पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक शक्तिराज परिहार पर भाजपा ने दांव लगाया है। कांग्रेस ने केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू के प्रो. प्रदीप कुमार को मैदान में उतारा है। नेकां यहां गठबंधन के चलते नहीं लड़ रही है। पीडीपी लड़ाई को त्रिकोणीय बनाने में जुटी है।
भद्रवाह मिनी कश्मीर के नाम से मशहूर भद्रवाह में पहली बार कमल खिलाने वाले दलीप सिंह परिहार तथा कांग्रेस के नदीम शरीफ व नेकां के पूर्व आईएएस अफसर शेख महबूब इकबाल के बीच मुकाबला बताया जा रहा है।
किश्तवाड़: यह सीट भाजपा व नेकां दोनों के लिए प्रतिष्ठा बनी हुई है। भाजपा ने आतंकियों के हमले का शिकार परिहार बंधुओं के परिवार की शगुन परिहार तो नेकां ने पूर्व गृह मंत्री सज्जाद अहमद किचलू पर दांव लगाया है। पीडीपी के पूर्व एमएलसी फिरदौस अहमद टाक लड़ाई को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं।
पाडर-नागसेनी यहां से किश्तवाड़ में पहली बार कमल खिलाने वाले पूर्व मंत्री सुनील शर्मा का मुकाबला नेकां की पूजा ठाकुर से है। पूजा दच्छन की डीडीसी चेयरमैन रही हैं। पीडीपी के संदेश कुमार त्रिकोणीय लड़ाई में हैं।
इंद्रवल: यहां मुकाबला दो निर्दलीयों के पूरे दमखम से लड़ने के कारण काफी रोचक है। 2002 से लगातार तीन बार कांग्रेस के टिकट पर इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले जीएम सरूरी निर्दल मैदान में हैं। टिकट न मिलने पर नेकां के दिग्गज प्यारे लाल भी निर्दल लड़ रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस के मो. जफरूल्लाह तथा भाजपा के तारिक हुसैन कीन भी लड़ाई को चतुष्कोणीय बना रहे हैं।
चिनाब क्षेत्र के डोडा, किश्तवाड़ और रामबन के आठ विधानसभा क्षेत्रों में पहले चरण में मतदान होगा। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस नेकां और निर्दलीयों के मध्य होना है। यहां 64 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें आजाद 25 उम्मीदवार हैं। भद्रवाह में सबसे अधिक 10 उम्मीदवार , डोडा, इंद्रवाल, नौ-नौ, डोडा पश्चिम और रामबन में आठ -आठ, किश्तवाड़ और बनिहाल की सात सात और पाड़ा-नागसेन में छह उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें डोडा पश्चिम और पाडर नागसेनी नए विधानसभा क्षेत्र हैं। आठ सीटों पर नेकां और कांग्रेस का गठबंधन है। बनिहाल, भद्रवाह और डोडा में दोस्ताना मुकाबला है।
पहले चरण की 24 सीट जिन पर मतदान होना है, वह हैं, पंपोर, त्राल, पुलवामा, राजपोरा, जैनापोरा,शोपियां, डी एच पोरा कुलगाम, देवसर, दूरु, कोकेरनाग, अनंतनाग पश्चिम, अनंतनाग, श्रीगुफवारा- बिजबहेड़ा, शंगस- अनंतनाग पूर्व और पहलगाम है। जबकि जम्मू क्षेत्र के इंदरवाल, किश्तवाड़, पड्डेर-नागसेन भद्रवाह, डोडा, डोडा पश्चिम, रामबन और बनिहाल में चुनाव होंगे।
केंद्र सरकार द्वारा धारा 370 निरस्त किए जाने के बाद जम्मू कश्मीर से लद्दाख को अलग कर दिया गया है। इसके बाद यहां पहली बार चुनाव हो रहे हैं। तीन चरण में यहां 18 और 25 सितंबर और एक अक्टूबर को मतदान होगा। पहले चरण के लिए नामांकन करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त थी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 28 अगस्त और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अगस्त था।