{"_id":"631650acfc0c4571b76671b3","slug":"jammu-kashmir-debate-between-bjp-and-opposition-in-all-party-meeting-on-outside-voters","type":"story","status":"publish","title_hn":"Voter List Controversy:बाहरी मतदाताओं पर सर्वदलीय बैठक में भाजपा व विपक्षियों में बहस, सीईओ ने बुलाई थी मीटिंग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Voter List Controversy:बाहरी मतदाताओं पर सर्वदलीय बैठक में भाजपा व विपक्षियों में बहस, सीईओ ने बुलाई थी मीटिंग
Tue, 06 Sep 2022 02:10 AM IST
विमल शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: विमल शर्मा
Updated Tue, 06 Sep 2022 02:10 AM IST
सार
मुख्य चुनाव अधिकारी हिरदेश कुमार सिंह ने कहा कि 15 सितंबर से प्रदेश में परिसीमन आयोग की रिपोर्ट के आधार पर मतदाता सूची तैयार होने जा रही है। ऐसे में इस कार्य में सभी राजनीतिक दल भी अपना सहयोग दें।
विज्ञापन
बैठक में शामिल होने जाते लोग
- फोटो : संवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्य चुनाव अधिकारी हिरदेश कुमार सिंह की तरफ से सोमवार को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भाजपा व विपक्षी दलों के नेताओं में बहस हो गई। विपक्षी दलों के नेताओं ने बाहरी प्रदेशों के लोगों को मतदाता बनाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। वहीं भाजपा नेताओं ने कहा जम्मू कश्मीर में कोई भी भारतीय मतदाता बन सकता है। यह बैठक 15 सितंबर से प्रदेश में परिसीमन आयोग की रिपोर्ट के आधार पर शुरू होने जा रहे विशेष मतदाता सूची तैयार करने के अभियान की प्रक्रिया की जानकारी राजनीतिक दलों को देने के लिए बुलाई गई थी।
विज्ञापन
शाम चार बजे से शुरू हुई सर्वदलीय बैठक करीब एक घंटा चली। बैठक की शुरुआत करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी हिरदेश कुमार सिंह ने कहा कि 15 सितंबर से प्रदेश में परिसीमन आयोग की रिपोर्ट के आधार पर मतदाता सूची तैयार होने जा रही है। ऐसे में इस कार्य में सभी राजनीतिक दल भी अपना सहयोग दें।
विज्ञापन
इस पर पीडीपी के महासचिव अमरीक सिंह रीन, नेशनल कांफ्रेंस के संभागीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता और बसपा के शशि भूषण थापा और कांग्रेस नेता योगेश साहनी ने मुख्य चुनाव अधिकारी से कहा कि 25 लाख नए वोटर बनाने और बाहरी प्रदेशों के नागरिकों को जम्मू कश्मीर में मतदाता बनाए जाने के मामले में पहले स्पष्टीकरण दिया जाए। उन्होंने कहा, जम्मू कश्मीर के लोगों को ही मतदाता बनाया जाना चाहिए।
विज्ञापन
मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद से पीपुल्स रिप्रेजेंटेशन एक्ट 1951 लागू हो चुका है। ऐसे में तय नियमों के तहत मतदाता बनाने का काम होगा। उन्होंने कहा, मुख्य चुनाव अधिकारी के तौर पर वह किसी को मतदाता नहीं बना सकते।
उन्होंने कहा कि यह काम जमीनी स्तर से जुड़े अधिकारी बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) करेंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि बाहरी प्रदेशों के 25 लाख लोगों को मतदाता बनाए जाने का कोई बयान उन्होंने नहीं दिया है। इस पर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सत शर्मा और प्रवक्ता एडवोकेट अभिनव शर्मा ने कहा कि कोई भी भारतीय जम्मू कश्मीर में वोटर बन सकता है।
पीडीपी, नेकां, कांग्रेस, बसपा आदि दलों के नेताओं ने कहा कि हम सब भारतीय हैं और यहां बात जम्मू कश्मीर के लोगों के हितों की हो रही है। इस पर भाजपा व विपक्षी दलों के नेताओं की गर्मागर्म बहस हो गई और बैठक को खत्म कर दिया गया।
मुख्य चुनाव अधिकारी को भाजपा ने बता दिया है कि हम विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और मतदाता सूचियों को तैयार करने के अभियान में पूरा सहयोग दिया जाएगा। कुछ विपक्षी दल जोकि अभी भी अनुच्छेद 370 के पूर्व की स्थिति चाहते हैं, उन्हें बैठक में बताया गया कि अब भारत के अन्य हिस्सों की तरह ही जम्मू कश्मीर में भी सभी नियम कानून चलेंगे। -सत शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
सर्वदलीय बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी से 25 लाख नए मतदाताओं और बाहरी प्रदेशों के लोगों को यहां मतदाता बनाए जाने का स्पष्टीकरण मांगा गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि पीपुल्स रिप्रेजेंटेशन एक्ट 1951 के नियमों के तहत अब मतदाता सूचियां बनेंगी। भाजपा नेताओं से गर्मागर्म बहस इस बात को लेकर हुई कि वह जम्मू कश्मीर के हितों की अनदेखी कर बाहरी प्रदेशों के लोगों को यहां मतदाता बनाए जाने की वकालत कर रहे थे।
- रतन लाल गुप्ता, संभागीय अध्यक्ष नेशनल कांफ्रेंस
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में साफ कर दिया है कि जम्मू कश्मीर के लोगों को ही मतदाता सूचियों में शामिल किया जाए। बाहरी प्रदेशों के लोगों को मतदाता सूचियों में न जोड़ा जाए।
-योगेश साहनी, पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के नेता
पीडीपी ने सर्वदलीय बैठक में साफ कर दिया है कि नई मतदाता सूचियों में अगर बाहरी प्रदेशों के लोगों को जोड़ा जाएगा तो पार्टी इसका कड़ा विरोध करेगी। केवल जम्मू कश्मीर के लोगों को ही मतदाता सूचियों में शामिल किया जाना चाहिए।
- अमरीक सिंह, महासचिव पीडीपी
नई मतदाता सूचियों के मामले में बसपा ने सर्वदलीय बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी को बताया है कि प्रदेश के लोगों को ही नई सूचियों में जगह मिलनी चाहिए।
- शशि भूषण थापा, नेता बसपा जम्मू कश्मीर
नई मतदाता सूचियों को तैयार करने की प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू हो रही है। ऐसे में तय नियमों के तहत सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। बैठक में विभिन्न दलों ने अपने सुझाव व पक्ष रखे हैं।
- हिरदेश कुमार सिंह, मुख्य चुनाव अधिकारी जम्मू कश्मीर
बाहरी प्रदेशों के लोगों को जम्मू कश्मीर में वोटर बनाए जाने की आशंकाओं का अपनी पार्टी ने मुख्य चुनाव अधिकारी के समक्ष विरोध जताया है। जम्मू कश्मीर के लोगों को ही मतदाता सूचियों में जोड़ने की बात कही है। इसके अलावा नए विधानसभा क्षेत्रों का मैप राजनीतिक पार्टियों को मुहैया करवाने की भी मांग की।
- मंजीत सिंह, संभागीय अध्यक्ष जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी
इकजुट जम्मू पार्टी ने सर्वदलीय बैठक में जम्मू कश्मीर में पीपुल्स रिप्रेंजेंटेशन एक्ट 1951 को लागू करने और साधारणतय नागरिकों को भी मतदाता सूची में शामिल किए जाने के प्रस्ताव का स्वागत किया। - एडवोकेट अंकुर शर्मा, अध्यक्ष इकजुट जम्मू