सज्जाद का सफाया: डीजीपी दिलबाग सिंह बोले- शीर्ष आतंकी कमांडरों के सफाए से जनता को राहत
- डीजीपी सिंह ने कहा, खूंखार आतंकियों के मारे जाने से युवाओं को भी राहत।
- अनंतनाग में अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा की स्थिति की डीजीपी ने की समीक्षा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने सोमवार को सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अफसरों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के साथ अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा की। बैठक में उन्होंने आतंकियों के खिलाफ सफल अभियानों के लिए बधाई देते हुए कहा कि हाल के दिनों मे खूंखार शीर्ष आतंकी कमांडरों के मारे जाने से आम लोगों को बड़ी राहत मिली है।
डीजीपी ने कहा कि अल बद्र, लश्कर और जैश कमांडरों के मारे जाने से न सिर्फ लोगों को राहत मिलेगी बल्कि उन निर्दोष युवाओं का जीवन भी सुरक्षित रहेगा जिन्हें दुर्भावनापूर्ण तरीके से बरगलाया गया है। उन्होंने पिछले वर्ष विभिन्न ऑपरेशनों के दौरान भारी संख्या में हथियार बरामद करने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि हथियारों पर कब्जा करने का मतलब है, ऐसे कई युवाओं की जिंदगी बचाना जिन्होंने हिंसा का रास्ता चुना है।
डीजीपी ने कहा कि सामान्य रूप से जनता और स्थानीय युवाओं के माता-पिता ने हम पर भरोसा किया है। इसकी वजह से क्षेत्र में स्थायी शांति लाने और लोगों के लिए काम करने के बारे में सुरक्षा बलों को अधिक समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा मिलेगी। डीजीपी ने कहा कि सीमा पार बैठे आतंकी आकाओं को यहां की शांति अच्छी नहीं लग रही है। वे कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ने की फिराक में हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के साथ तालमेल से जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ कामयाबी मिली है। इस आपसी सहयोग को और मजबूत करने की जरूरत है।
कट्टरता से सख्ती से निपटें...
डीजीपी ने इस बात पर जोर दिया कि पुलिस कर्मियों को युवाओं को कट्टरता के रास्ते पर धकेलने वाले तत्वों के साथ सख्ती से निपटना चाहिए और युवाओं को आतंकवाद के रास्ते पर जाने से रोकना चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को इन गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ओजीडब्ल्यू नेटवर्क की गतिविधियों के खिलाफ सेना को अधिक सतर्क रहना होगा।
सुरक्षा ग्रिड मजबूत करने पर जोर...
डीजीपी ने अधिकारियों को राजमार्ग पर सुरक्षा ग्रिड को मजबूत करने पर जोर दिया। कहा कि जम्मू- कश्मीर पुलिस अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर कई मोर्चों पर लड़ रही है और समय की जरूरत है कि राजमार्ग सुरक्षा ग्रिड को मजबूत और संवर्धित किया जाए।
ये थे मौजूद...
बैठक में भाग लेने वाले अधिकारियों में आईजीपी कश्मीर विजय कुमार, कमांडर सेक्टर -1 ब्रिगेड विजय महादेवन, डीआईजी सीआरपीएफ दक्षिण कश्मीर डीपी उपाध्याय, एसपी अनंतनाग संदीप चौधरी, एसपी कुलगाम गुरिंदर पाल सिंह, एसपी अवंतीपोरा ताहिर सलीम, एएसपी अनंतनाग, एएसपी कुलगाम और अनंतनाग जिले के अन्य अधिकारी शामिल थे।