एम्स के शिफ्ट होने के विरोध में जम्मू बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू खित्ते की अनदेखी पर आज चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के बंद के ऐलान को गठबंधन सरकार को छोड़ तमाम राजनीतिक दलों, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला रहा है। ट्रांसपोर्टरों ने भी चैंबर को पूर्ण रूप से समर्थन देते हुए चक्का जाम किया है।
चैंबर केंद्रीय बजट में जम्मू को मिले आल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) को कश्मीर स्थानांतरित करने और बन टोल प्लाजा को लेकर बंद आयोजित किया गया है। चैंबर ने जम्मू के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। बंद में किसी तरह की हिंसा न हो, इसके लिए पुलिस ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं।
शहर के जगह जगह चौक चौराहों पर पुलिस, सीआरपीएफ मौजूद है। चैंबर ने बुधवार को एक पत्रकार वार्ता में इसकी घोषणा की थी। चैंबर का आरोप है कि जम्मू के लोगों के साथ भेदभाव किया है। इसके अलावा प्री बजट मीटिंग में चैंबर द्वारा व्यापारियों के हित में दिए गए सुझावों को रियासती वित्त मंत्री ने दरकिनार कर जम्मू का अपमान किया है।
चैंबर का कहना है कि भले वह वैट का मुद्दा हो या फिर टोल टैक्स या फ्लाई ओवर निर्माण का, सरकार ने उनके द्वारा उठाए मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाई।
थमे रहेंगे वाहनों के पहिये
ट्रांसपोर्टरों ने बंद को समर्थन देते हुए चक्का जाम किया है। इसके चलते लखनपुर से लेह तक चलने वाले 80 हजार वाहन बंद हैं। शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए चलने वाली मेटाडोर, बसें, आटो रिक्शा, टूरिस्ट वाहन, तमाम यात्री वाहन बंद हैं।
ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव विजय शर्मा का कहना है कि सरकार ने बन टोल प्लाजा पर शुल्क लगाकर ट्रांसपोर्टरों की कमर तोड़ दी है। सरकार जम्मू के साथ हर क्षेत्र में भेदभाव कर रही है। जिसको किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पर्यटकों को होगी मुश्किल
एयरपोर्ट, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जम्मू पर आने वाले हजारों यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इन तीनों जगहों से हर रोज करीब 50 हजार यात्रियों का हर रोज आना-जाना होता है। सबसे अधिक असर रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है जिन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
सरकारी बसों का इंतजाम
परिवहन मंत्री अब्दुल गनी कोहली का कहना है कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट पर सरकारी बसों को लगाया जाएगा, ताकि यात्रियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। विशेष तौर पर कटड़ा जाने वाले यात्रियों की सुविधा का खास ध्यान रखा जा रहा है।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा
डीआईजी, जम्मू शकील बेग का कहना है कि बंद शांतिपूर्ण हो, इसके लिए सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। शहर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। बंद के दौरान सुरक्षा के लिहाज से जो भी बंदोबस्त की आवश्यकता है, उसको ध्यान में रखकर तैनाती की गई है।
राजनीतिक दलों का भी समर्थन
चैंबर के बंद को गठबंधन सरकार को छोड़ कर सभी दलों ने समर्थन दिया है। कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस, पैंथर्स पार्टी, क्रांति दल, बसपा आदि ने बंद को समर्थन दिया है।