जम्मू कश्मीर पाकिस्तान के अधूरे एजेंडे का अंग: जेटली
बहरहाल रियासत के कुछ दल आतंकवाद और पाक के एजेंडे का खुलकर विरोध नहीं करते। इस वजह से पाकिस्तान अलगाववाद को पनपाने की साजिश पर काम कर रहा है। इस साजिश को भी मात देने के लिए जम्मू कश्मीर में भाजपा सरकार की जरूरत है।
भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में जम्मू पहुंचे जेटली ने कहा कि अमेरिका पर आतंकवादी हमले के बाद से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद और आतंकवाद का साथ देने वाले देशों का दुनिया साथ नहीं दे रही। इसलिए पाकिस्तान जैसे राष्ट्र अलगाववाद के जरिये अब जम्मू कश्मीर में अपने एजेंडे को पनपाना चाहते है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा के बहुमत वाली एनडीए सरकार के सत्ता संभालने के बाद राष्ट्र विरोधी ताकते पस्त हो गई है। जम्मू कश्मीर में भी अब जरूरत है कि भाजपा की सरकार बने और पाकिस्तान के अधूरे एजेंडे के साथ साथ परिवारवाद की राजनीति जोकि कभी सेल्फ रूल तो कभी स्वायत्तता का राग अलापती है को सत्ता से दूर कर जम्मू कश्मीर के हर हिस्से को विकास की राह पर अग्रसर और खुशहाल किया जा सकें।
जम्मू को कई नई सौगातों का इंतजार
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का कहना है कि केंद्र में मोदी सरकार की ओर से सत्ता संभालने के बाद केंद्रीय बजट में उन्होंने जम्मू में आईआईटी खोलने के अलावा जम्मू और श्रीनगर के स्टेडियम को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बनाए जाने के लिए बजट प्रावधानों की घोषणा की थी लेकिन आज तक रियासती सरकार की उदासीनता और प्रस्ताव नहीं भेजे जाने की वजह से बजट प्रावधानों को लागू नहीं किया जा सका है।
जेटली ने कहा कि रियासती सरकार ने आईआईटी खोलने के लिए भूमि की निशानदेही और चयन आदि के काम का प्रस्ताव केंद्र को भेजना था ताकि जल्द से जल्द बजट प्रावधानों पर काम शुरू हो सकें। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2015 से पहले अगर रियासती सरकार के प्रस्ताव नहीं मिले तो फिर बजट प्रावधानों को नये सिरे से अगले वित्त बजट में करना पड़ेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि रियासत में भाजपा की सरकार अब केंद्रीय बजट प्रावधानों पर प्रस्ताव भेजेगी ताकि जम्मू कश्मीर के लोगों खासतौर से युवा वर्ग का भला हो सकें और रियासत प्रगति और विकास की राह पर अग्रसर हो सकें।
जम्मू भाजपा की विचारधारा का अटूट अंग
जम्मू भारतीय जनता पार्र्टी की विचारधारा का अटूट अंग रहा है। जन संघ और भाजपा से जम्मू की जनता का खास रिश्ता रहा है। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब रियासत में भी भाजपा की सरकार बनने वाली है। ऐसे में जम्मू के लोगों को याद रखना होगा। यहां के लोगों के साथ भेदभाव खत्म हो और पूरा न्याय मिले इसके लिए भाजपा और उसका नेतृत्व अडिग है।