नई एसयूवी की सवारी करेंगे विधायक और मंत्रीजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले साल आई बाढ़ में खराब हो गए वाहनों को बदलकर राज्य सरकार ने रियासत के माननीयों को लग्जरी वाहन उपलब्ध कराए हैं। कुल 118 वाहन खरीदे गए हैं। इस पर लगभग 17 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
सभी कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों तथा विधान परिषद सदस्यों को चमचमाती एसयूवी मिली हैं। अब राज्यमंत्रियों, विभिन्न बोर्डों के उपाध्यक्ष को नई गाड़ी देने की तैयारी है।
राज्य सरकार ने पिछले दिनों सभी विधायकों तथा मंत्रियों को एसयूवी देने का फैसला किया था। प्रत्येक गाड़ी की कीमत 15 लाख रुपये तक निर्धारित की गई थी। परिवहन विभाग ने नई गाड़ियों की खरीद की सिफारिश की थी।
17 करोड़ से सफारी और स्कार्पियो मंगवाई गईं
सूत्र बताते हैं कि इस आधार पर गृह विभाग ने गाड़ियों की खरीद की। इसके तहत पहली खेप में 18 कैबिनेट मंत्रियों को सफारी गाड़ी दी गई। इसके बाद विधायकों तथा विधान परिषद सदस्यों को स्कार्पियो एस-10 मॉडल गाड़ी उपलब्ध कराई गई।
राज्य में 87 निर्वाचित और दो मनोनीत विधायकों को लेकर विधायकों की कुल संख्या 89 है, जबकि विधान परिषद में 34 सदस्य हैं। दोनों सदनों को मिलाकर सदस्य संख्या 123 है। परिवहन मंत्री अब्दुल गनी कोहली का कहना है कि राज्य सरकार ने सभी कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों तथा एमएलसी को नए वाहन उपलब्ध करा दिए हैं।
राज्य मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष, विभिन्न बोर्ड के चेयरमैन तथा वाइस चेयरमैन को भी नई गाड़ियां देने की तैयारी है। इसकी सिफारिश की गई है। उम्मीद है कि जल्द ही इस संबंध में फैसला हो जाएगा।