{"_id":"5f2fdd068ebc3e3cc352c7ec","slug":"jammu-and-kashmir-fir-on-team-of-electricity-department-entered-house-without-applying-mask","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू-कश्मीरः बिना मास्क लगाए घर में घुसी बिजली विभाग की टीम पर होगी एफआईआर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जम्मू-कश्मीरः बिना मास्क लगाए घर में घुसी बिजली विभाग की टीम पर होगी एफआईआर
Sun, 09 Aug 2020 04:54 PM IST
प्रशांत कुमार
जेएनएफ, जम्मू
जेएनएफ, जम्मू
Published by: प्रशांत कुमार
Updated Sun, 09 Aug 2020 04:54 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
जम्मू शहर से सटे मीरां साहिब क्षेत्र में स्थित एक घर में मास्क बिना पहने दाखिल होने पर बिजली विभाग के चार अधिकारियों समेत 11 कर्मियाें पर एफआईआर का आदेश जारी किया गया है। प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, आरएस पुरा गीता कुमार ने मीरां साहिब थाना प्रभारी को मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं। आरोप है कि कोरोना महामारी के बीच बिजली विभाग के चारों अधिकारी और कर्मचारी गैरकानूनी रूप से शिकायतकर्ता के घर में घुसे। इनमें से किसी ने भी मास्क नहीं पहन रखा था और परिवार के बुजुर्ग सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार कर उनकी जान को जोखिम में डाला।
विज्ञापन
मामले की शिकायत जम्मू के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपक सेठी से की गई थी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने मामला 6 अगस्त को आरएस पुरा मजिस्ट्रेट को रेफर किया गया था। शिकायतकर्ता के वकील एडवोकेट एके साहनी ने कहा कि सहायक कार्यकारी अभियंता आरके गुप्ता, जूनियर इंजीनियर सौरभ कैथ, अश्वनी चौधरी और सतीश शर्मा, फोरमैन गुरजीत सिंह, मीटर रीडर ईश्वर दयाल, तिलक राज, गौतम कुमार और सुरजीत कुमार के अलावा लाइनमैन अश्वनी कुमार आपराधिक मंशा से घर में घुसे थे।
विज्ञापन
यह घर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सेवानिवृत्त डिप्टी कमांडेंट देविंदर कुमार बाली का है। विभागीय टीम बिना मास्क पहने घर में आ धमकी और उनकी पत्नी व 85 वर्षीय मां के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान सामाजिक दूरी का भी ख्याल नहीं रखा गया। इसकी शिकायत मीरां साहिब थाने और एसएसपी जम्मू से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पाया कि मामला संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है, लिहाजा शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जाए।
विज्ञापन
यह भी पढ़ेंः अरुण जेटली घर में पढ़ते थे जम्मू-कश्मीर का संविधान, पर इस प्लान से संगीता भी थीं अनजान