जम्मू-कश्मीर बीडीसी चुनावः 1382 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, लद्दाख से भरे गए 116 पर्चे
राज्य में ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल (बीडीसी) अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिले की प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। आखिरी दिन तक राज्य में कुल 1382 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। इसमें जम्मू संभाग से 751, कश्मीर से 515 और लद्दाख से 116 से नामांकन पत्र भरे गए हैं। प्रमुख दलों में भाजपा के अलावा बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं।
वहीं, बहिष्कार करने वाले दलों से भी बड़ी संख्या में उम्मीदवार अपने स्तर पर चुनाव मैदान में हैं। नामांकन पत्रों की जांच 10 अक्टूबर और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर रहेगी। 24 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन दोपहर 3 बजे मतगणना होगी।
जिला जम्मू में 20 ब्लॉक में 105 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। कठुआ जिला के 19 ब्लॉक में 97 प्रत्याशियों ने दावेदारी जताई है। इनमें 72 पुरुष और 25 महिलाएं उम्मीदवार शामिल हैं। अंतिम दिन बुधवार को 59 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा। जिले के ब्लॉक में कुल 2184 पंचायत प्रतिनिधि अपने-अपने ब्लाक चेयरमैन का चुनाव करेंगे। इनमें 1483 पुरुष और 701 महिला मतदाता शामिल हैं।
उधमपुर जिले के 17 ब्लॉक के लिए 66 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा। रियासी जिले में 54 उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करवाया। रामबन के 11 ब्लॉक में 50 नामांकन भरे गए। इसमें संगलदान ब्लाक में 8, उखरेल में 7, खेरी, रामसू में 6-6, बनिहाल, रामबन, राजगढ़ और गुंडी धर्म ब्लॉक में 4-4, गंधेरी में 3, बटोत और गूल में 2-2 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा। कुल उम्मीदवारों में 11 सीटों पर 21 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं।
चार ब्लॉक महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इसमें एक एससी और एसटी उम्मीदवार शामिल हैं। किश्तवाड़ में 13 ब्लॉक के लिए 56 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। डोडा में 17 ब्लॉक के लिए 94 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। राज्य के सभी 22 जिलों में चुनाव करवाए जा रहे हैं। कुपवाड़ा, बारामुला, बांदीपोरा, गांदरबल, अनंतनाग, लेह, कारगिल, किश्तवाड़, डोडा, रामबन, रियासी, उधमपुर, कठुआ, सांबा, जम्मू, राजोरी और पुंछ के सभी ब्लॉक में चुनाव होंगे, जबकि श्रीनगर में सभी ब्लॉक (श्रीनगर छोड़कर), बडगाम में एसके पोरा को छोड़कर, पुलवामा में शादीमर्ग व नेवा को छोड़कर, शोपियां में कपारन को छोड़कर, कुलगाम में पंबे और मंजगाम को छोड़कर सभी ब्लॉकों में चुनाव कराए जाएंगे। कुल 316 ब्लॉकों में से 310 में बीडीसी अध्यक्ष के चुनाव होंगे। 310 ब्लॉकों में से 48 एसटी ओपन, 21 एसटी महिला, 18 एससी ओपन और सात एससी महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।