धमकी देने वाले का जल्द खुलेगा राज: ई-मेल भेजने वाले की तलाश में जुटी साइबर सेल, गूगल से मांगी तकनीकी जानकारी
केंद्रीय विद्यालय-2 के प्रिंसिपल को मिले धमकी भरे ई-मेल मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर साइबर सेल के जरिए जांच तेज कर दी है और गूगल से ई-मेल अकाउंट की तकनीकी जानकारी मांगी है।
विस्तार
केंद्रीय विद्यालय-2 के प्रिंसिपल की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश भेजने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मामले की जांच साइबर सेल कर रहा है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए गूगल को पत्र भेजकर संबंधित अकाउंट से जुड़ी तकनीकी जानकारी मांगी है। ये जानकारियां दो से तीन दिन में मिलने की उम्मीद है।
धमकी भरा ई-मेल एक जीमेल अकाउंट से भेजा गया था। अब गूगल से उस अकाउंट का आईपी एड्रेस, लॉगिन हिस्ट्री, किस डिवाइस से अकाउंट का इस्तेमाल किया गया, रिकवरी मोबाइल नंबर, वैकल्पिक ई-मेल आईडी और उपलब्ध अन्य रजिस्ट्रेशन संबंधी जानकारी मांगी है। इन तकनीकी जानकारियों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि ई-मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन व्यक्ति व समूह है।
गौरतलब है कि सोमवार को केंद्रीय विद्यालयों, डीसी कार्यालय और अमरनाथ यात्रा को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला था। इसके बाद पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने इन परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया था। हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और धमकी फर्जी निकली थी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। संबंधित ई-मेल आईडी की जानकारी के लिए गूगल को आधिकारिक पत्र भेजा गया है। गूगल से जवाब आने में दो से तीन दिन लग सकते हैं। जवाब मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा कि ई-मेल कहां से और किसके द्वारा भेजा गया था। -रोहित चड्ढगल, डीएसपी, साइबर सेल, जम्मू