पाक झुका, आज अखनूर में फ्लैग मीटिंग
जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान द्वारा बार-बार सीजफायर का उल्लंघन करने को लेकर मंगलवार को दोनों देशों के बीच डीजीएमओ (डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स) लेवल की बैठक हुई थी।
भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव घटाने के लिए आज दोपहर बाद चार बजे फ्लैग मीटिंग हो रही है। पाकिस्तान रेंजर्स के साथ बीएसएफ की यह बैठक कंपनी कमांडर स्तर की होगी।
मंगलवार को फोन पर हुई बातचीत के दौरान भारत की ओर से संघर्ष विराम उल्लंघन पर सख्त विरोध जताया था। आपको बताते चलें कि पाकिस्तानी फायरिंग का भारतीय सेना ने मुंह तोड़ जवाब दिया था और पाक चौकियों को भारी नुकसान पहुंचाया था। दो भारतीयों की मौत का बदला आठ पाकिस्तानियों की मौत से लिया गया।
भारत ने सीजफायर पर जताया कड़ा विरोध
यह मीटिंग जम्मू के पास अखनूर सेक्टर के प्रगवाल इलाके में होगी, लेकिन आरएसपुरा और अरनिया सेक्टर में जहां पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा फायरिंग हुई, वहां पर कोई फ्लैग मीटिंग नहीं हो रही है।
मंगलवार को ही भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ की मीटिंग में जमीनी स्तर पर फ्लैग मीटिंग करने का फैसला लिया गया था।
इसी मीटिंग में भारत की ओर से डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल पी कुमार ने पाकिस्तानी डीजीएमओ मेजर जनरल आमिर रियाज के सामने इस बात पर कड़ा विरोध जताया कि एलओसी और इंटरनेशनल बॉर्डर पर पाकिस्तान की ओर से इतना सीजफायर का उल्लंघन क्यों हो रहा है।