किश्तवाड़ में नई दुल्हन की बेरहमी से हत्या: पति ने तेजधार हथियार से उतारा मौत के घाट, खुद को बताया पागल
किश्तवाड़ के संग्रामभाटा गांव में शादी के महज 16 दिन बाद एक व्यक्ति ने अपनी दूसरी पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। आरोपी आमिर मुश्ताक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतका के परिजनों ने सख्त सजा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिला किश्तवाड़ के संग्रामभाटा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शादी के महज 16 दिन बाद ही एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति आमिर मुश्ताक ने सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि तेजधार हथियार से अपनी पत्नी यासमिना बेगम पर कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात की है, जब नगर परिषद में कार्यरत आमिर मुश्ताक नामक युवक ने तेजधार हथियार से अपनी 22 वर्षीय पत्नी यासमिना बेगम पर कई वार कर उसकी जान ले ली।
यासमिना और आमिर की शादी 18 अगस्त को हुई थी। यह आमिर की दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी से एक तीन वर्षीय बेटा भी है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने तलाक के बाद डोडा जिले की रहने वाली यासमिना से विवाह किया था।
मंगलवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस को हत्या की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को जिला अस्पताल किश्तवाड़ के शवगृह में रखा गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली है और खुद को मानसिक रूप से बीमार बताया है। उसने यह भी दावा किया कि उसकी पत्नी वैवाहिक संबंधों के लायक नहीं थी और उसे धोखे में रखा गया।
हालांकि, मृतका के परिवार वालों ने इन सभी दावों को नकारते हुए आरोप लगाया कि यह एक साजिश के तहत की गई हत्या है। परिजनों का कहना है कि अगर कोई समस्या थी तो वह बेटी को वापस भेज सकता था, लेकिन इस तरह बेरहमी से उसकी हत्या करना अमानवीय है।
यासमिना मंगलवार को अपने मायके डोडा जाने वाली थी। इसके लिए गाड़ी में तेल भी भरवाया गया था। परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है और कहा है कि जब तक आरोपी को सजा नहीं मिलती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
घटना के बाद अस्पताल में भारी हंगामा हुआ। मृतका के माता-पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। माता-पिता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बहन ने स्पष्ट आरोप लगाया कि यह हत्या जानबूझकर की गई है और इसमें सिर्फ आमिर ही नहीं, उसका पूरा परिवार भी शामिल हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।