अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय ओपन विश्वविद्यालय (इग्नू) की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को पहली परीक्षा हुई और यह 9 जनवरी तक चलेंगी। इग्नू ने देश भर में 849 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। जम्मू क्षेत्र के अंतर्गत 30 परीक्षा केंद्र हैं। इनमें 27 नियमित केंद्र हैं और तीन परीक्षा केंद्र जिला जेल कठुआ, जिला जेल अंबफला और केंद्रीय जेल कोटभलवाल में विशेष रूप से जेल कैदियों के लिए हैं। 1,54,825 सीटों पर 29,868 छात्र परीक्षा दे रहे हैं।
क्षेत्रीय केंद्र जम्मू के तहत परीक्षाएं प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित की जा रही हैं। पहला सत्र सुबह 10 से दोपहर 1 बजे और शाम का दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक है। परीक्षाओं को लेकर फ्लाइंग स्कवायड टीम बनाई गई है। इसमें डॉ. संदीप गुप्ता, क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी और डॉ. आशा उपाध्याय, सहायक क्षेत्रीय निदेशक शामिल हैं। टीम ने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, कोट भलवाल, केसी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अखनूर रोड, मुट्ठी में परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। कॉलेज ऑफ एजुकेशन कैनाल रोड, जीजीएम साइंस कॉलेज का भी दौरा किया।