Shah Visit Jammu: गृहमंत्री अमित शाह आज से प्रदेश के दौरे में, जम्मू समेत कश्मीर के कई जिलों में हाई अलर्ट
गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के मद्देनजर कठुआ से लखनपुर तक सीआरपीएफ और अन्य बलों की 100 से अधिक कंपनियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। खासकर राजोरी और बारामुला में तैनाती की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को जम्मू-कश्मीर दौर पर जम्मू पहुंचेंगे। इसे लेकर जम्मू में हाई अलर्ट जारी किया गया है। बॉर्डर से लेकर शहर तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। वह जम्मू के तकनीकी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां से सीधे कन्वेंशन सेंटर जाएंगे। इसे देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर कन्वेंशन सेंटर तक के 7 किलोमीटर के दायरे में 15 चेकप्वाइंट के साथ 2 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
हर 100 मीटर के बाद अर्द्धसैनिक बल पुलिस के साथ तैनात रहेंगे। सूत्रों का कहना है कि शाह के दौरे के मद्देनजर कठुआ से लखनपुर तक सीआरपीएफ और अर्द्धसैनिक बलों की 100 से अधिक कंपनियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। खासकर राजोरी और बारामुला में तैनाती की गई है।
रविवार को सुरक्षा बंदोबस्त की रिहर्सल भी की गई। एयरपोर्ट से एक काफिला कन्वेंशन सेंटर पहुंचा। मॉकड्रिल के जरिए पूरे काफिले की सुरक्षा को पुख्ता किया गया। शहर के सभी पुलिस नाकों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद शाह का यह तीसरा दौरा है।
जम्मू पहुंचने पर वह तमाम सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों के साथ सुरक्षा पर मंथन करेंगे। उनके साथ गृह मंत्रालय, आईबी, रॉ जैसे खुफिया एवं बीएसएफ, एनआईए, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ जैसी एजेंसियों के प्रमुख भी होंगे।
शाह के दौरे को देखते हुए पूरे जम्मू में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। शहर में सभी नाकों पर अतिरिक्त तैनाती के साथ क्यूआरटी वाहनों को तैनात किया गया है।
हमलों के बाद सुरक्षा कड़ी
पिछले 4 दिन में उधमपुर, कश्मीर में आतंकी हमले, पुंछ में आईईडी बरामदगी जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। रविवार को श्रीनगर में पुलिस नाके पर हमला किया गया। इसे देखते हुए जम्मू के लखनपुर से लेकर बारामुला तक सुरक्षा बढ़ाई गई है।
जानकारी के अनुसार पूरे प्रदेश की पुलिस को अलर्ट किया गया है। खासकर कठुआ, सांबा, जम्मू, राजोरी-पुंछ, उधमपुर, श्रीनगर, बारामुला जिला पुलिस की ओर से रविवार को जगह जगह तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई।
छावनी में तबदील कन्वेंशन सेंटर, सर्किट हाउस
शाह के दौरे को देखते हुए कन्वेंशन सेंटर जम्मू और सर्किट हाउस को छावनी में तबदील कर दिया गया है। रविवार को डीजीपी दिलबाग सिंह, एडीजीपी मुकेश सिंह, डीआईजी विवेक गुप्ता, एसएसपी चंदन कोहली समेत कई पुलिस अधिकारियों ने कन्वेंशन सेंटर और सर्किट हाउस का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। करीब एक हजार जवानों को सर्किट हाउस और कन्वेंशन सेंटर की सुरक्षा में लगाया गया है।