कश्मीर से हिजबुल का कमांडर गिरफ्तार, पूछताछ जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने हिजबुल मुजाहिदीन के बारामुला-सोपोर के एरिया कमांडर को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका एक अन्य साथी फरार होने में सफल रहा। बारामुला में दबोचे गया हिजबुल कमांडर ए प्लस श्रेणी का आतंकी है। उसकी पहचान सीलू सोपोर के इरशाद अहमद के रूप में हुई है।
पकड़े गए आतंकी से हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ है। हिजबुल कमांडर की गिरफ्तारी को सुरक्षा बल बड़ी कामयाबी मान रहे हैं। पुलिस और सीआरपीएफ से मिली जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ की 53वीं बटालियन और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने पुख्ता सूचना के आधार पर जांबाजपोरा इलाके में नाका लगाया गया था।
इस दौरान एक गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। वाहन में आतंकियों ने जवानों पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। इसके बाद आतंकियों ने वाहन से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन, एरिया कमांडर इरशाद अहमद को दबोच लिया गया। एक अन्य आतंकी जिसकी शिनाख्त सोपोर के बरत कलां निवासी सज्जाद अहमद मीर के रूप में की गई है, वहां से लोगों की आड़ लेकर फरार हो गया।
हिजबुल मुजाहिदीन का ए प्लस श्रेणी का आतंकी
पुलिस के नॉर्थ रेंज के डीआईजी नीतीश कुमार ने बताया कि पकड़ा गया आतंकी इरशाद अहमद हिजबुल मुजाहिदीन का ए प्लस श्रेणी का आतंकी है। उसकी पुलिस को काफी समय से तलाश थी। वह सोपोर और बारामुला में हिजबुल की कमान संभाल रहा था तथा कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आतंकी कमांडर से 1 चीन निर्मित पिस्टल, 2 पिस्टल मैगजीन, 7 जिंदा कारतूस और अन्य हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पकड़े गए आतंकी से पूछताछ शुरू कर दी है। उन्हें उम्मीद है कि पकड़े गए आतंकी से कुछ अहम खुलासे हो सकते हैं।