हिजबुल ने ली CRPF काफिले पर हमले की जिम्मेदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के सिंथन इलाके में सीआरपीएफ के काफिले पर सोमवार सुबह आतंकियों ने हमला कर दिया। इसमें सात जवान घायल हो गए। एक स्थानीय नागरिक भी जख्मी हुआ है।
हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने ली है। आतंकी संगठन के प्रवक्ता बुरहानउद्दीन ने एक स्थानीय न्यूज एजेंसी को फोन पर यह जानकारी दी है।
आतंकियों ने हमला उस समय किया जब सीआरपीएफ का काफिला श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रहा था। काफिला जब जिले के बिजबिहाड़ा कस्बे के सिंथन इलाके में पहुंचा तो आतंकियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
हमले में सीआरपीएफ की 179वीं और 53वीं बटालियन के सात जवान घायल हो गए। एक स्थानीय नागरिक को भी गोली लगी है। सभी घायलों को उप जिला अस्पताल अनंतनाग में भर्ती कराया गया।
यहां से जवानों को श्रीनगर के बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल और स्थानीय नागरिक को एसएमएचएस अस्पताल में रेफर कर दिया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आतंकियों ने सेना की वर्दी पहनी हुई थी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आतंकियों ने सेना की वर्दी पहनी हुई थी। आतंकी झेलम नदी के किनारे से होते हुए नेशनल हाईवे-1 तक पहुंचे थे। घटना के तुरंत बाद इलाके की घेराबंदी कर ली गई। सीआरपीएफ, सेना और पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस महीने में इस तरह का यह दूसरा हमला है।
बताया जाता है कि यह हमला बदले की भावना से किया गया है। कुछ सप्ताह पहले हिजबुल के तीन स्थानीय आतंकियों को सेना ने मुठभेड़ में मार गिराया था। वहीं यह भी माना जा जा रहा है कि पाकिस्तान और भारत के बीच जब भी वार्ता शुरू होती है आतंकी इस तरह की नापाक हरकतें करते हैं।
वे नहीं चाहते कि दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधरें। हाल ही में दोनों देशों के बीच एनएसए स्तर की बातचीत बैंकाक में हुई थी। अब विदेश मंत्री भी पाकिस्तान जा रही हैं।