तीन दिन पहले जानिए वैष्णो देवी के मौसम का हाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वैष्णों देवी के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं को अब मौसम की अनिश्चितता के चलते परेशान नहीं होना होगा। मौसम विभाग ने मौसम के पूर्वानुमान के लिए एक ऐसा यंत्र स्थापित किया है जो तीन दिन पहले ही मौसम का हाल बताएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड प्रशासन और मेट्रोलॉजिकल विभाग ने सांझी छत हेलिपैड पर मौसम संबंधी जानकारी के लिए आधुनिक यंत्र लगाया है। इसका उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने रविवार को यहां के अध्यात्मिक केंद्र में रखे गए एक कार्यक्रम के दौरान किया।
उन्होंने कहा कि इस यंत्र से हर रोज दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को मौसम के बारे में पहले ही जानकारी मिल जाएगी। उसके मुताबिक वे चढ़ाई करने के समय जरूरी सावधानियां बरत सकेंगे।
यात्रियों में मौसम जागरूकता जरूरी है
इस मौके पर एक सभा को संबोधित करते हुए मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि हेलिकाप्टर सेवा से दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मौसम के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने सांझी छत पर आधुनिक यंत्र लगाने का फैसला किया।
सिंह ने कहा कि आगामी दिनों में किसानों को भी मौसम के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सरकार द्वारा हफ्ते में दो बार मौसम की जानकारी प्रदान करने की योजना है।
इस मौके पर स्थानीय विधायक बलदेव राज शर्मा, डॉ. शहलेश नायक, डॉ. एलएस राठौर और एसएस सिंह सहित बड़ी संख्या में श्राइन बोर्ड के अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद थे। इस यंत्र के लिए श्राइन बोर्ड के सीईओ डॉ. एमके भंडारी ने केंद्र सरकार और विभाग के प्रति आभार जताया और कहा कि इससे श्रद्धालुओं की यात्रा और सुरक्षित हो जाएगी।
क्या है इस यंत्र की खासियत
इस आधुनिक यंत्र कि खासियत यह है कि इससे हवा की दिशा और आगामी तीन दिन तक मौसम के रुख के बारे में पता चलता रहेगा। इससे हेलीकाप्टर की उड़ान में बाधा नहीं आएगी। वहीं श्राइन बोर्ड की साइट पर श्रद्धालुओं के लिए मौसम की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे पहले मुंबई के जुहू एयरपोर्ट पर ऐसा ही आधुनिक यंत्र लगा है। जो उड़ान भरते समय काफी महत्वपूर्ण साबित होता है।
इसलिए पड़ी जरूरत
हर दिन करीब डेढ़ हजार श्रद्धालु हेलीकाप्टर सेवा से वैष्णो माता का दर्शन करते हैं। अचानक मौसम खराब होने और इसकी पहले से जानकारी नहीं होने के कारण भक्तों को काफी परेशानी होती थी। देश भर से श्रद्धालु यहां पहुंच जाते थे, लेकिन मौसम की मजबूरी के कारण उन्हें पैदल या घोड़े के सहारे भवन तक की चढ़ाई करनी पड़ती थी। अब मौसम का हाल जानकार ही यहां श्रद्धालु पहुंच सकते हैं।