राहत कार्य में हो रहा भेदभाव कर रही सरकार: उमर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को बटमालू निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई इलाकों का दौरा किया। जो एक नाले का बांध टूटने से काफी प्रभावित हुए थे। उमर के साथ क्षेत्र के प्रभारी इरफान अहमद शाह और पोलिटिकल सेक्रेटरी तनवीर सादिक भी थे।
उमर ने उन इलाकों का दौरा किया, जहां अभी भी पानी भरा पड़ा है और मकानों को बारिश के चलते क्षति पहुंची है। पीड़ितों से भी मिले, जिन्होंने प्रशासन द्वारा रिलीफ बांटने और डि-वाटरिंग ऑपरेशन में भेदभाव किए जाने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि उनकी सार लेने कोई नहीं पहुंचा।
इसके चलते उमर द्वारा सरकार से इलाके के लोगों की परेशानियों पर गौर करने को कहा। कहा कि सरकार जल्द नुकसान का आंकलन कर उन्हें मुआवजा दे। बटमालू निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी इरफान शाह द्वारा भी प्रशासन और इलाके के एमएलए को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लोग जमीनी स्तर पर काम चाहते हैं न कि खोखले वादे।
उन्होंने इसकी निंदा की और कहा कि लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। स्थानीय लोग उमर के साथ रहे, जब वह पैदल इलाके का दौरा कर रहे थे। बारामुला जिले के फरेस्तहार इलाके में भूस्खलन से 40 मकानों को बुरी तरह से पहुंची क्षति पर उमर अब्दुल्ला ने दुख जताया।
मौजूदा सरकार से अपील की कि बिना किसी देरी के इन परिवारों को अस्थायी रूप से कहीं पनाह दी जाए और इन्हें शुरुआत में जल्दी से कुछ मुआवजा भी दिया जाए। उमर अब्दुल्ला के कहने पर नेकां के एक दल ने वहां का दौरा भी किया।
बारिश से हुआ नुकसान जानने पहुंचे मंत्री
खराब मौसम से हुए नुकसान का शुक्रवार को सरकार के मंत्रियों ने विभिन्न इलाकों का दौरा कर जायजा लिया। उन्होंने कश्मीर के पट्टन, सोपोर, संग्रामा और विजयपुर का दौरा कर नुकसान की जानकारी हासिल की।
विधि, न्याय और संसदीय मामलों के मंत्री बशारत बुखारी ने जिला उपायुक्त बारामूला व अन्य अधिकारियों के साथ बारामुला के प्रभावित इलाकों का दौरा कर बारिश और जलभराव से सड़कों, आवासीय और गैर आवासीय ढांचों, कृषि और बागवानी भूमि को वारीपोरा, हरितार, वनीगाम, तिलगाम और अन्य आसपास के गांवों में हुए नुकसान का जायजा लिया।
मंत्री ने स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए आश्वासन दिया कि लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। पीएचई, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री सुखनंदन कुमार और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री चंद्रप्रकाश गंगा ने अधिकारियों की टीम के साथ विजयपुर का दौरा कर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया।
उन्होंने बसंतर दरिया में सुरक्षा बांध को पहुंचे नुकसान का जायजा लेने के बाद कहा कि 700 मीटर नये बांध का निर्माण 4.40 करोड़ की राशि से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा बांधों के लिए 49.82 करोड़ की राशि को मंजूर करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा गया है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि नुकसान का आकलन करने के बाद लोगों खासतौर से किसानों को पर्याप्त मदद मुहैया करवाई जाएगी।
‘जल्द शुरू होगा सुरक्षा बांध का निर्माण कार्य’
सांबा। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री सुखनंदन कुमार और उद्योग वाणिज्य मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर क्षतिग्रस्त हुए सुरक्षा बांध सहित लोगों के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सुरक्षा बांध का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इस अवसर पर जिला विकास आयुक्त सांबा सहित बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे।
शुक्रवार को दौरे के वक्त दोनों मंत्रियों ने गांव कौलपुर, नर्सरी पोस्ट, कमोर फार्वड का दौरा किया। इस दौरान किसानों की फसलों, लोगों को हुए नुकसान का जायजा लिया। लोगों ने मंत्रियों को अपना दु:खड़ा सुनाते हुए कहा कि आखिर कब तक हम लोग बाढ़ की मार झेलते रहेंगे? किसानों का कहना था कि जल्द से जल्द पक्का बांध बनवाया जाए।
इस मौके पर किसानों ने मांग की कि जब तक भूमि समतल नहीं होती, किसानों को मुफ्त राशन उपलब्ध करवाया जाए। फसलों का मुआवजा दिलाया जाए। साथ ही बसंतर और देविका में नाला निकलवाया जाए, ताकि पानी का रूख बदले। इस पर दोनों मंत्रियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि सुरक्षा बांध का कार्य जल्द शुरू करवा दिया जाएगा।
मंत्री सुखनंदन ने कहा कि राज्य सरकार ने 30 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट बनाकर केंद्र सरकार को भेज दिया है। पहली किश्त के रूप में 4.40 करोड़ मंजूर भी हो गए हैं। उद्योग मंत्री गंगा ने निर्देश दिए कि वह फसलों सहित लोगों को हुए नुकसान का जायजा लें। जैसे ही सर्वे की रिपोर्ट सरकार के पास आएगी, सरकार नुकसान का उचित मुआवजा प्रभावितों को मुहैया करवाएगी।