GMC Jammu: जीएमसी जम्मू में छह साल बाद शुरू होगी पेड चिकित्सा सुविधा, अब बेहतर सर्जरी सेवाएं मिलेंगी
जीएमसी जम्मू में छह साल बाद चोपड़ा नर्सिंग होम को फिर से शुरू किया जा रहा है, जिससे मरीजों को सरकारी दरों पर सर्जरी और अन्य चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।
विस्तार
नए साल पर छह वर्ष बाद जीएमसी जम्मू में मरीजों के लिए पेड चिकित्सा सुविधा शुरू की जा रही है। अस्पताल के कर्नल सर आरएन चोपड़ा नर्सिंग होम को दोबारा शुरू करने से मरीजों को राहत मिलेगी। इसमें मरीजों को विभिन्न तरह की सर्जरी और दूसरी चिकित्सा सेवाएं सरकारी दर्रों पर मिल सकेंगी।अस्पताल प्रशासन के अनुसार नर्सिंग होम को लगभग पूरा कर लिया गया है और इसे फरवरी तक शुरू करने की योजना है। श्रीनगर में सरकारी दर्रों पर ऐसी नर्सिंग होम चिकित्सा सेवाओं का मरीजों को लाभ मिल रहा है।
सितंबर 2018 में शार्ट सर्किट और अन्य कारणों से चोपड़ा नर्सिंग होम को मरीजों के लिए बंद कर दिया गया था। लेकिन होम की मरम्मत और जीर्णोद्धार में छह साल लग गए। मरीजों की सहूलियत के लिए इस नर्सिंग होम को दिसंबर 1989 में डा. फारूक अब्दुल्ला से शुरू करवाया था।इसमें पहले और दूसरे फ्लोर पर 16-16 कमरे स्थापित हैं।
तब नर्सिंग होम में रोजाना 3-4 गाल ब्लेडर, पत्थरी, किडनी पत्थरी, बवासीर, फिस्टुला आदि की सर्जरी की जाती थी। इसमें 14000 (एसी के बिना) और 16000 रुपये में एसी कमरों का पैकेज दिया जाता था। हालांकि इतनी अवधि के बाद नर्सिंग होम की चिकित्सा शुल्क दर्रों में संशोधन किया जा सकता है।
मरीजों को मिलेगी वैकल्पिक चिकित्सा सेवाएं
नर्सिंग होम के शुरू होने से मरीजों के लिए वैकल्पिक चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा। इसमें निर्धारित दर्रों पर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं देने का प्रावधान होगा। नर्सिंग होम के थियेटरों में अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। नए साल के शुरू में इसे शुरू कर दिया जाएगा।