J&K: एलओसी से सटे जंगलों में भड़की आग सैन्य शिविर तक पहुंची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले के विभिन्न जंगलों में भड़की भयानक आग सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रही। शनिवार को लगी आग कुछ जंगलों में तो बुझा दी गई, लेकिन अधिकतर जंगल आग में धू-धू कर जल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सबसे अधिक नुकसान एलओसी से सटे गांवों में हुआ है। नौशेरा स्थित लाम सेक्टर के पीर बडवेश्वर, पंजग्राई, गंभीर मुगलां आदि एलओसी से सटे इलाकों के जंगलों में आग सबसे अधिक तबाही मचा रही है। ये जंगली इलाके सड़क सुविधा से कोसों दूर हैं। ऐसे में आग बुझाने के काम में भी मुश्किल आ रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार लाम सेक्टर के जंगलों में आग ने बहुत ज्यादा तबाही मचाई है। लाम सेक्टर में अब तक हजारों कनाल में फैले जंगल जलकर राख हो चुके हैं। शहर के कल्ला स्थित जंगलों में लगी आग से बक्करवाल परिवारों के दो कच्चे मकान भी जल गए हैं।
दोनों परिवार इन दिनों अपने पशुओं के साथ ऊंची पहाड़ियों की और चले गए हैं। उनके पीछे से आग ने उनके घरों को राख कर दिया। इसी क्षेत्र में जंगली आग ने सेना के शिविर को भी अपनी चपेट में लेना चाहा, लेकिन जवानों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
अब भी दहक रहे बालाकोट सेक्टर के जंगल
पुंछ के बालाकोट सेक्टर के जंगलों में लगी आग भी तेजी से फैल रही है। जानकारी के अनुसार मेंढर के बालाकोट सेक्टर के डब्बी जंगल में भयानक आग लगी हुई है। एलओसी से सटे इस जंगली इलाके में आग के चलते कई बारूदी सुरंगे फटने के भी समाचार हैं।
हालांकि इसमें किसी जानी नुकसान की कोई खबर नहीं है। सेना और पुलिस ने बारूदी सुरंगें फटने की पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि बालाकोट सेक्टर के जंगलों में लगी आग एलओसी के उस पार से आने वाली तेज हवाओं के कारण फैल रही है। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।