कट्टरपंथियों के फतवों पर भारी पड़ा कश्मीरी बेटियों के फुटबाल का खुमार
यह नजारा श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में खेली जा रही वूमेन फुटबाल प्रतियोगिता का है, जहां श्रीनगर सहित उत्तर और दक्षिण कश्मीर के हिंसा ग्रस्त इलाकों की लड़कियां पहुंची हैं। दस टीमों में बंटी फुटबाल क्रेजी लड़कियों के प्रारंभिक चरण के मैच सोमवार को मुकम्मल हो गए। अब चौदह दिसंबर को फाइनल खेला जाएगा।
श्रीनगर सेक्टर में सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स और जेएंडके स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल तथा जेएंडके फुटबाल एसोसिएशन के सहयोग से बख्शी स्टेडियम में विभिन्न इलाकों से स्कूलों, कालेजों और विभिन्न क्लबों से दस टीमें शिरकत कर रही हैं। मंगलवार से लड़कों के मुकाबले शुरू होंगे।
सीआरपीएफ ने आयोजित कराई प्रतियोगिता
दीगर है कि पिछले करीब पांच महीनों से घाटी में तनाव की स्थिति है। ऐसे में युवाओं खासकर लड़कियों के लिए तनावग्रस्त माहौल से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। डीआईजी सीआरपीएफ केके शर्मा के अनुसार बच्चों को जेहनी राहत दिलाने के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है।
कश्मीर संभाग के अलग-अलग इलाकों से लड़कियों की दस टीमें पहुंचीं हैं। बच्चों को उत्साह और ऊर्जा में खेलते देख आयोजन की सार्थकता का अहसास हो रहा है। इस दौरान कमांडेंट 75 बीएन सीआरपीएफ मृदुला सहित अन्य अफसर भी बच्चों की हौसलाआफजाही करने पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि दुख्तरान-ए-मिल्लत संगठन सहित आतंकी तंजीमें भी युवाओं को सरकारी आयोजनों से दूर रहने के फतवे और फरमान जारी करते रहे हैं।